फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्टॉप स्विच सुविधा: बैंक खाते से डिजिटल लेनदेन पर अब ग्राहक का नियंत्रण, एक क्लिक में रोक सकेंगे ऑनलाइन भुगतान

Tue, 24 Nov 2026 03:24 AM IST
देवेश त्रिपाठी अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली

सार

डिजिटल धोखाधड़ी रोकने के लिए रिजर्व बैंक ने नए सुरक्षा दिशा-निर्देशों का मसौदा जारी किया है। इसके तहत ग्राहक डिजिटल लेनदेन की सीमा तय करने और एक क्लिक में सभी भविष्य के ऑनलाइन भुगतान रोकने में सक्षम होंगे। बड़े भुगतान के लिए वे किसी भरोसेमंद व्यक्ति की मंजूरी अनिवार्य कर सकेंगे।
विज्ञापन
बड़े डिजिटल भुगतान के लिए अब बनाएं अपना सुरक्षा कवच - फोटो : अमर उजाला प्रिंट
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

डिजिटल धोखाधड़ी से लोगों को बचाने के लिए रिजर्व बैंक ने नया सुरक्षा कवच तैयार किया है। अब बैंक खातों से डिजिटल लेनदेन की सीमा तय करने से लेकर भुगतान माध्यम को बंद करने तक का पूरा अधिकार ग्राहकों के हाथों में होगा।
विज्ञापन


ग्राहक अपने किसी बड़े लेनदेन के लिए परिवार के सदस्य या किसी अन्य भरोसेमंद व्यक्ति की मंजूरी अनिवार्य कर सकेंगे। मंजूरी के लिए एक घंटे का समय मिलेगा। जवाब न मिलने या भुगतान अस्वीकार होने पर लेनदेन रद्द हो जाएगा। केंद्रीय बैंक ने सोमवार को संशोधित दिशा-निर्देश का मसौदा जारी किया है। प्रावधान एक जुलाई 2027 से लागू होंगे। बैंक चाहें तो इसके पहले भी लागू कर सकते हैं।

ग्राहकों को मिलेगी स्टॉप स्विच की सुविधा
स्टॉप स्विच सुविधा के तहत ग्राहक एक क्लिक पर खाते से भविष्य में होने वाले सभी ग्राहक-प्रेरित डेबिट लेनदेन रोक सकेंगे। इसके बाद नया ऑनलाइन भुगतान या धन हस्तांतरण नहीं हो सकेगा। धोखाधड़ी के संदेह पर यह सुविधा खाते से रकम निकलने का रास्ता तत्काल बंद कर देगी। हालांकि, बैंक की ओर से ऋण की किस्त या अन्य बकाया वसूली जैसे लेनदेन इससे बाहर रहेंगे। इन मसौदा दिशा-निर्देश पर 14 दिसंबर तक प्रतिक्रिया दे सकेंगे। 
विज्ञापन


ग्राहक खुद पंजीकृत करेंगे भरोसेमंद व्यक्ति
डिजिटल धोखाधड़ी रोकने लिए ट्रस्टेड पर्सन व स्टॉप स्विच जैसी सुविधाओं का प्रस्ताव है। ग्राहक 18 वर्ष से अधिक उम्र के किसी व्यक्ति को भरोसेमंद के रूप में पंजीकृत कर सकेंगे। सुविधा स्वैच्छिक होगी। व्यक्ति को प्रस्तावित बड़े भुगतान का ब्योरा ही मिलेगा, खाते की शेष राशि, एफडी, निवेश या बीमा की जानकारी नहीं मिलेगी। पैसे ट्रांसफर को एक घंटे में मंजूरी देनी होगी।

भुगतान की सीमा खुद तय करने का अधिकार
रिजर्व बैंक के मसौदे के मुताबिक ग्राहक अब किसी एक डिजिटल भुगतान माध्यम, विशेष लाभार्थी या पूरे दिन के कुल लेनदेन की अधिकतम सीमा तय कर सकेंगे। डेबिट, क्रेडिट और प्रीपेड कार्ड के लिए भी घरेलू व अंतरराष्ट्रीय भुगतान, एटीएम, ऑनलाइन शॉपिंग और कॉन्टैक्टलेस ट्रांजेक्शन को अलग-अलग चालू या बंद करने की सुविधा मिलेगी। ग्राहक अपनी जरूरत के मुताबिक भुगतान माध्यमों को निर्धारित समय तक बंद भी रख सकेंगे।

डिजिटल भुगतान अब डिफॉल्ट रूप से बंद
प्रस्ताव का एक महत्वपूर्ण बदलाव यह है कि बैंक में नया खाता खुलने पर सभी डिजिटल भुगतान माध्यम डिफॉल्ट रूप से बंद रहेंगे। ग्राहक की स्पष्ट सहमति और प्रमाणीकरण के बाद ही इन्हें चालू किया जा सकेगा।

बैंकों की लापरवाही पर बढ़ेगी जवाबदेही
अनिवार्य अलर्ट नहीं भेजना, 24 घंटे शिकायत दर्ज करने की सुविधा न देना धोखाधड़ी की सूचना पर तत्काल कार्रवाई नहीं करना, सुरक्षा व्यवस्था लागू नहीं करना, सिस्टम में गड़बड़ी या बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत से धोखाधड़ी भी बैंक की लापरवाही मानी जाएगी।

एक अप्रैल से शेयर ट्रेडिंग के सभी लेनदेन डीमैट में
रिजर्व बैंक ने शेयर ट्रेडिंग के सभी लेनदेन एक अप्रैल, 2027 से डीमैट यानी इलेक्ट्रॉनिक रूप में अनिवार्य करने का फैसला किया है। पहले एक अक्तूबर से लागू करने का प्रस्ताव था। उद्योग जगत की मांग पर छह माह की मोहलत दी गई है।
नया नियम तय तारीख से पहले जारी ऋण प्रतिभूतियों के लेनदेन पर भी लागू होगा। प्रतिभूतिकरण सौदों के लिए एक करोड़ रुपये की न्यूनतम सीमा बरकरार है। किस्तों में मूलधन चुकाने वाली ऋण प्रतिभूतियों का एक करोड़ रुपये से कम का लेनदेन भी उनके परिशोधित मूल्य पर किया जा सकेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें