भारतीय रेलवे ने त्योहारों के लिए देश भर में विशेष ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। इन ट्रेनों में 50 लाख यात्री टिकट बुक कर सकेंगे। गौरतलब है कि सोमवार से शुरू हो रहे है फेस्टिव सीजन से ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर काफी भीड़ रहेगी।
इन विशेष ट्रेनों की शुरुआत दशहरा से होगी। इसके बाद दिवाली, भाई दौज और छठ पूजा जैसे बड़े त्योहार पड़ेंगे, जिनमें लोग अपने घर जाते हैं। फिलहाल ज्यादातर ट्रेनों में सीटें पहले से ही फुल हो गई हैं। कई ट्रेनों में यह हालत है कि वेटिंग टिकट भी बुक नहीं हो सकता है।
फाइनेंशियल एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, रेलवे त्योहारी सीजन में देश भर के प्रमुख स्टेशनों से 171 विशेष ट्रेनें चलाएगा। यह ट्रेनें 4081 फेरे लगाएंगी। यह विशेष ट्रेनें दिल्ली, मुंबई और चेन्नई जैसे शहरों के प्रमुख स्टेशनों से चलेंगी और यूपी, बिहार व पश्चिम बंगाल जाएंगी।
रेल अफसरों के मुताबिक मुंबई-लखनऊ-मुंबई साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन एक अक्तूबर से छह नवंबर के बीच चलेगी। इस ट्रेन का स्टापेज दादर, कल्याण, इगतपुरी, नासिक रोड, भुसावल, खंडवा, इटारसी, भोपाल, बीना, झांसी, उरई और कानपुर में होगा। यात्रियों की सहूलियत के लिए ट्रेन में एक सेकंड एसी, आठ थर्ड एसी, चार स्लीपर, तीन जनरल कोच लगेंगे। इसके अतिरिक्त पुणे-गोरखपुर-पुणे विशेष साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संचालन 21 अक्तूबर से छह नवंबर के बीच होगा।
यह ट्रेन अहमदनगर, बेलापुर, मनमाड, भुसावल, खंडवा, इटारसी, भोपाल, बीना, झांसी, उरई, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, गोंडा और बस्ती स्टेशनों पर रुकेगी। 02107 मुंबई-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन एक अक्तूबर से प्रत्येक मंगलवार दोपहर 2.10 बजे मुंबई से छूटेगी और दूसरे दिन दोपहर 1.15 बजे लखनऊ पहुंचेगी।