गौतम अडानी की संपत्ति तेजी से बढ़ी।
- फोटो : अमर उजाला
दुनिया के टॉप-10 अरबपतियों की सूची में लंबे समय से भारतीय उद्योगपति रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी के बीच एक पायदान की जंग चल रही है। बुधवार को एक बार फिर लंबी छलांग लगाते हुए अडानी, अंबानी से आगे निकलते हुए सूची में नौंवे पायदान पर पहुंच गए। बुधवार को उनकी नेटवर्थ में 3.91 फीसदी का इजाफा हुआ है।
यहां पहुंची अडानी की नेटवर्थ
बीते कुछ समय से गौतम अडानी की संपत्ति तेज रफ्तार से बढ़ रही है। बीते दिनों आई एक रिपोर्ट में समाने आया था कि इस साल अब तक कमाई करने के मामले में गौतम अडानी ने एलन मस्क, जेफ बेजोस और बिल गेट्स जैसे अरबपतियों को भी पछाड़ दिया है। वहीं उनकी संपत्ति में अभी भी बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है। फोर्ब्स और ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक, बुधवार को भी उनकी दौलत में इजाफा हुआ और वह नेटवर्थ के मामले में रिलायंस के चेयरमैन मुकेश अंबानी से एक पायदान आगे निकल गए। गौतम अडानी की नेटवर्थ करीब चार अरब डॉलर बढ़कर 112.1 अरब डॉलर पर पहुंच गई। एक रिपोर्ट के मुताबिक, बीते महज दो दिनों के भीतर ही उन्होंने आठ अरब डॉलर या करीब 60 हजार करोड़ रुपये की कमाई कर डाली।
टॉप-10 में नौंवे पायदान पर
इन दो दिनों में की गई कमाई की दम ही गौतम अडानी दुनिया की टॉप-10 अरबपतियों की सूची में आगे बढ़ते हुए नौंवे स्थान पर आ गए हैं। जबकि, रिलायंस के मुकेश अंबानी 100.1 अरब डॉलर की संप्पति के साथ दसवें स्थान पर हैं। उनकी दौलत में बुधवार को 1.4 अरब डॉलर की कमी आई है। नेटवर्थ के मामले में गौतम अडानी अब अमेरिका के लैरी एलिसन से भी आगे निकल गए हैं। एलिसन की संपत्ति घटकर 104 अरब डॉलर पर आ गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि इस साल उनकी नेटवर्थ में 31.5 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है, जो दूसरे शीर्ष अरबपतियों की तुलना में कहीं अधिक है।
मस्क-बेजोस की दौलत घटी
इस बीच खबर लिखे जाने ते रियल टाइम सूची के अनुसार, टॉन 10 की सूची में पहले स्थान पर मौजूद दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति और टेस्ला के सीईओ एलन मस्क की नेटवर्थ 12.8 अरब डॉलर की गिरावट आई। इसके बाद उनकी नेटवर्थ 290.3 अरब डॉलर रह गई। वहीं अमेजन के फाउंडर जेफ बेजोस 189.8 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ दूसरे पायदान पर है, उनकी दौलत 4.3 अरब डॉलर घटी थी। इसके अलावा फ्रांसीसी अरबपति बर्नार्ड आरनॉल्ट 172.6 अरब डॉलर के साथ तीसरे और माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स 135 अरब डॉलर के साथ चौथे स्थान पर है।