फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Q3 Results: अदाणी पावर लिमिटेड का मुनाफा घटकर ₹2488 करोड़ हुआ, वेदांता के लाभ में 61 फीसदी की वृद्धि

Thu, 29 Jan 2026 05:18 PM IST
रिया दुबे बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

अदाणी पावर लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही समेकित शुद्ध लाभ 2,488 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वर्ष में 2,940 करोड़ रुपये था। वेदांता का शुद्ध लाभ साल-दर-साल आधार पर वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में 61 प्रतिशत बढ़कर 5,710 करोड़ रुपये पहुंच गया।
विज्ञापन
भारतीय अर्थव्यवस्था। - फोटो : amarujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अदाणी पावर लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही के नतीजे जारी करते हुए मजबूत लाभ दर्ज किया है। कंपनी ने बताया कि मानसून के लंबे असर, ठंडे मौसम और उच्च आधार प्रभाव के कारण बिजली मांग में अस्थायी गिरावट के बावजूद उसकी लाभप्रदता मजबूत बनी रही। कंपनी के अनुसार, तीसरी तिमाही में समेकित शुद्ध लाभ 2,488 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वर्ष में 2,940 करोड़ रुपये था। मुनाफे में गिरावट का मुख्य कारण पिछली अवधि से जुड़े एकमुश्त (वन-टाइम) आय में कमी रहा।

विज्ञापन


अदाणी पावर ने अपने परिणामों में कहा कि चालू तिमाही में पिछली अवधि की एकमुश्त आय कम रहने से लाभ पर असर पड़ा है, जबकि परिचालन स्तर पर प्रदर्शन स्थिर रहा। वहीं, कंपनी का समेकित निरंतर कुल राजस्व तीसरी तिमाही में 12,717 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वर्ष में 13,434 करोड़ रुपये था। कंपनी ने बताया कि कम दरों और अन्य आय में गिरावट के बावजूद राजस्व लगभग स्थिर बना रहा।

Trending Videos

तीसरी तिमाही में वेदांता का मुनाफा 61% उछला

खनन क्षेत्र की प्रमुख कंपनी वेदांता ने वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में शानदार प्रदर्शन दर्ज किया है। कंपनी का शुद्ध लाभ साल-दर-साल आधार पर 61 प्रतिशत बढ़कर 5,710 करोड़ रुपये पहुंच गया। कंपनी के अनुसार, इस तिमाही में समेकित राजस्व 37 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 23,369 करोड़ रुपये रहा। राजस्व में बढ़ोतरी का मुख्य कारण अंतरराष्ट्रीय धातु कीमतों, उत्पादन में वृद्धि, बेहतर प्रीमियम और विदेशी मुद्रा लाभ रहा।

वेदांता ने बताया कि दिसंबर तिमाही में परिचालन प्रदर्शन मजबूत रहा। ऊंची धातु कीमतों, बेहतर प्रीमियम, लागत दक्षता और अधिकांश कारोबार में बेहतर वॉल्यूम के कारण लाभप्रदता में उल्लेखनीय सुधार हुआ। कंपनी का EBITDA साल-दर-साल 34 प्रतिशत और तिमाही आधार पर 31 प्रतिशत बढ़कर 15,171 करोड़ रुपये रहा, जो अब तक का सबसे ऊंचा तिमाही स्तर है। EBITDA मार्जिन बढ़कर 41 प्रतिशत हो गया, जो सालाना आधार पर 629 बेसिस पॉइंट और तिमाही आधार पर 512 बेसिस पॉइंट की वृद्धि दर्शाता है।

बेहतर परिचालन प्रदर्शन के चलते पूंजी दक्षता भी मजबूत हुई। कंपनी का रिटर्न ऑन कैपिटल एम्प्लॉयड (ROCE) बढ़कर 27 प्रतिशत हो गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 296 बेसिस पॉइंट अधिक है। वहीं, कंपनी का शुद्ध कर्ज घटकर 60,624 करोड़ रुपये रह गया, जिससे नेट डेट-टू-EBITDA अनुपात 1.23 गुना पर आ गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में 1.40 गुना था।
विज्ञापन

माइक्रोसॉफ्ट का राजस्व 17 प्रतिशत बढ़कर 81.3 अरब डॉलर पहुंचा

टेक दिग्गज माइक्रोसॉफ्ट कॉर्पोरेशन ने 31 दिसंबर 2025 को समाप्त तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी किए हैं। कंपनी का राजस्व 81.3 अरब डॉलर रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की तुलना में 17 प्रतिशत अधिक है। माइक्रोसॉफ्ट के चेयरमैन और सीईओ सत्य नडेला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि एआई के प्रसार और उसके व्यापक आर्थिक प्रभाव की प्रक्रिया अभी शुरुआती चरण में है। उन्होंने बताया कि माइक्रोसॉफ्ट ने पहले ही एक ऐसा AI व्यवसाय खड़ा कर लिया है, जो कंपनी के कुछ बड़े पारंपरिक कारोबारों से भी बड़ा हो चुका है, जिन्हें विकसित होने में दशकों लगे थे। कंपनी के अनुसार, माइक्रोसॉफ्ट का तिमाही क्लाउड राजस्व पहली बार 50 अरब डॉलर के आंकड़े को पार कर गया है, जो कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। कंपनी के परिचालन लाभ (ऑपरेटिंग इनकम) में 21 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 38.3 अरब डॉलर तक पहुंच गया। वहीं, GAAP आधार पर शुद्ध लाभ (नेट इनकम) 38.5 अरब डॉलर रहा, जो 60 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें