भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) ने गुरुवार को चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही (जून तिमाही) के नतीजे जारी किए। सरकारी बीमा कंपनी ने पहली तिमाही के दौरान सालाना आधार पर समेकित शुद्ध मुनाफे में 4 प्रतिशत की वृद्धि की जानकारी दी है। जून तिमाही के लिए एलआईसी का समेकित लाभ 10,957 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में यह 10,544 करोड़ रुपये था। समीक्षाधीन तिमाही के दौरान एलआईसी की शुद्ध प्रीमियम आय 4.7 प्रतिशत बढ़कर 1,19,618.41 करोड़ रुपये हो गई । पिछले वर्ष इसी तिमाही में यह 1,14,230.24 करोड़ रुपये थी।
एकल आधार पर, एलआईसी का लाभ वित्त वर्ष 2025 की पहली तिमाही के 10,461.05 करोड़ रुपये के मुकाबले 5 प्रतिशत बढ़कर 10,986.51 करोड़ रुपये हो गया। तिमाही के दौरान व्यक्तिगत व्यवसाय में गैर-सममूल्य एपीई (वार्षिक प्रीमियम समतुल्य) हिस्सेदारी 30.34 प्रतिशत रही, जबकि पिछले वर्ष इसी तिमाही में यह 23.94 प्रतिशत थी।
एलआईसी के सीईओ और एमडी आर दोरईस्वामी ने कहा, "साल-दर-साल आधार पर वीएनबी मार्जिन 150 बीपीएस बढ़कर 15.4 प्रतिशत हो गया है, जबकि इस तिमाही में हमारा व्यय अनुपात 140 बीपीएस घटकर 10.47 प्रतिशत हो गया है।"
कंपनी ने कहा, "30 जून, 2025 को समाप्त तिमाही के लिए, एलआईसी की व्यक्तिगत व्यवसाय में 38.76 प्रतिशत और समूह व्यवसाय में 76.54 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी थी।" पॉलिसीधारकों के फंड में निवेश पर प्रतिफल, अवास्तविक लाभ को छोड़कर, वित्त वर्ष 26 की पहली तिमाही में 8.45 प्रतिशत रहा, जबकि पिछले वर्ष की तुलना में यह 8.54 प्रतिशत था।