प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 'विश्व के लिए मेक इन इंडिया' पर बजट के बाद आयोजित वेबिनार को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मेक इन इंडिया अभियान आज 21वीं सदी के भारत की आवश्यकता है और ये हमें दुनिया में अपना सामर्थ्य दिखाने का अवसर भी देता है।
अभियान को इसलिए बताया जरूरी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब इतने बड़े संकट हमारे सामने होते हैं और परिस्थितियां बदतली हैं, तो फिर ऐसे समय में मेक इन इंडिया की जरूरत पहले से कहीं ज़्यादा होती है। उन्होंने कहा कि हमें देखना होगा, भारत जैसा विशाल देश सिर्फ एक बाजार बनकर रह जाए, ऐसे में भारत न तो कभी प्रगति कर पाएगा और न ही हमारी युवा पीढ़ी को अवसर दे पाएगा। वैश्विक महामारी के दौर में हम देख रहे हैं कि विश्व में सप्लाई चेन किस तरह तहस-नहस हुई है। ऐसे में हमें इस दिशा में विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
सेमीकंडक्टर उत्पादन में आत्मनिर्भरता
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन को आगे बढ़ाते हुए कहा कि हमें सेमीकंडक्टर्स के उत्पादन में आत्मनिर्भर बनना होगा। 'मेक इन इंडिया' पहल न केवल समय की आवश्यकता है, बल्कि यह दुनिया को अपनी विनिर्माण शक्ति दिखाने का अवसर भी है। इस पहल के महत्व पर जोर देते हुए मोदी ने कहा कि हमारा उद्देश्य भारत को न केवल अपने लिए, बल्कि दुनिया के लिए आत्मनिर्भरता पर आधारित बाजार बनाना है। यह एक ऐसा प्रयास होगा जो जनशक्ति को बढ़ावा देगा।