भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) का आईपीओ अगले महीने पेश करने की पूरी तैयारी है। इसके तहत पॉलिसी धारकों को 10 फीसदी और कर्मचारियों के लिए पांच फीसदी हिस्सा रिजर्व रखे जाने की जानकारी सामने आई है। इस संबंध में सोमवार को देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी के अध्यक्ष एमआर कुमार ने कहा था कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई) के बीमाधारक उसके आईपीओ में छूट के हकदार होंगे। लेकिन उनके इस बयान पर अब कंपनी ने स्पष्टीकरण दिया है कि ऐसे बीमाधारक छूट के पात्र नहीं होंगे।
अनजाने में किया गया था उल्लेख
गौरतलब है कि कुमार ने कहा था कि पीएमजेजेबीवाई उसका हिस्सा है और उनके (बीमाधारकों) लिए आईपीओ में आरक्षण होगा। कंपनी की ओर से जारी किए गए स्पष्टीकरण में यह कहा गया है कि एलआईसी अध्यक्ष द्वारा बातचीत के दौरान उल्लेखित 'पीएमजेजेबीवाई पॉलिसी धारक पॉलिसीधारकों के लिए आरक्षित श्रेणी में आवेदन कर सकते हैं' बात अनजाने में कही गई। कंपनी की ओर से कहा गया कि पीएमजेजेबीवाई दरअसल, एक समूह बीमा उत्पाद है और पॉलिसीधारकों को आईपीओ में दी जाने वाली छूट के योग्य बिल्कुल भी नहीं है। इसके साथ ही कंपनी की ओर से यह भी कहा गया है कि सिर्फ वही पॉलिसी धारक आईपीओ में आवेदन कर सकेंगे, जो कि 28 फरवरी तक अपने खाते से पैन को अपडेट कर लेंगे।
2015 में हुई थी इसकी शुरुआत
गौरतलब है कि पीएमजेजेबीवाई की शुरुआत 2015 में हुई थी और इसके तहत 18 से 50 वर्ष के सभी बैंक बचत खाताधारकों को दो लाख रुपये के जीवन बीमा की पेशकश की जाती है। इसके लिए वार्षिक प्रीमियम राशि 330 रुपये है। इस सरकारी योजना की पेशकश एलआईसी के जरिए की जाती है। इसमें प्रीमियम भरकर 2 लाख रुपये तक का लाभ उठा सकते हैं। वहीं, इस बीमा पॉलिसी को दोबारा रिन्यू कराने की भी जरूरत नहीं पड़ती। इस योजना का मुख्य उद्देश्य ऐसे परिवारों को आर्थिक सहायता देना था, जिनके घर के मुखिया की अचानक मृत्यु हो जाती है। पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना को खरीदने के लिए आपको आधार कार्ड, पहचान पत्र, मोबाइल नंबर, पासपोर्ट साइज फोटो और आपके बैंक अकाउंट के पासबुक की जरूरत होती है।
इन पॉलिसीधारकों को छूट नहीं
- एलआईसी न्यू वन ईयर रेन्यूवल ग्रुप टर्म एश्योरेंस प्लान-I
- एलआईसी न्यू वन ईयर रेन्यूवल ग्रुप टर्म एश्योरेंस प्लान-II
- एलआईसी सिंगल प्रीमियम ग्रुप इंश्योरेंस
- एलआईसी ग्रुप क्रेडिट लाइफ इंश्योरेंस
- एलआईसी न्यू वन ईयर रेन्यूवल ग्रुप माइक्रो टर्म एश्योरेंस प्लान
- एलआईसी न्यू ग्रुप ग्रैच्युटी कैश एक्युमुलेशन प्लान
- एलआईसी न्यू ग्रुप लीव इनकैशमेंट प्लान
- एलआईसी न्यू ग्रुप सुपरएन्युएशन कैश एक्युमुलेशन प्लान
- ग्रुप इमिडिएट एन्यूटी
- प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना