आम लोगों की बजट में भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से सुझाव मांगे हैं। यह सुझाव कोई भी व्यक्ति सरकार को माईजीओवी.इन पर दिए जा सकते हैं। गौरतलब है कि वित्त वर्ष 2020-21 के लिए बजट एक फरवरी को संसद में पेश किया जाएगा। मोदी ने कहा है कि लोगों द्वारा दिए गए ठोस सुझावों व विचारों को बजट में शामिल किया जाएगा।
मोदी ने ट्वीट कर कहा, 'केंद्रीय बजट 130 करोड़ भारतीयों की आशा, आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व करता है और भारत को विकास की दिशा में आगे बढ़ता है। मैं आप सभी को इस वर्ष के बजट के लिए अपने विचारों और सुझावों को साझा करने के लिए आमंत्रित करता हूं।' संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू होगा और एक फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का पहला पूर्ण बजट पेश करेंगी।