एलन मस्क के साथ पीएम मोदी।
- फोटो : Social Media
दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क से पीएम मोदी की मुलाकात पर पूरी दुनिया की नजर टिकी थी। भारतीय प्रधानमंत्री से मिलने के बाद टेस्ला और स्पेसएक्स जैसी कंपनियों के सर्वेसर्वा मस्क ने यहां तक कहा कि वे भारतीय पीएम के फैन हैं। ट्विटर के संस्थापक जैक डोर्सी की ओर से भारत सरकार पर हस्तक्षेप का आरोप लगाने पर भी मस्क ने पलटवार किया। ट्विटर के नए मालिक ने कहा कि जिस देश में हम काम कर रहे हैं वहां के कानून मानना जरूरी हैं। कुल मिलाकर मस्क का रवैया पीएम से मुलाकात के दौरान भारत के नजरिए से सकारात्मक रहा। इस बीच, टेस्ला प्रमुख ने अगले साल भारत पहुंचने का भी एलान कर दिया है। मस्क के नेटवर्थ की बात करें तो पिछले कुछ महीनों में खास कर ट्विटर के अधिग्रहण के बाद उसमें काफी गिरावट आई है। 2022 में उनकी नेटवर्थ 200 अरब डॉलर से अधिक थी जो अब करीब 140 बिलियन डॉलर (11,46,985 करोड़ रुपये) है। ऐसे में भारत में उनके कारोबारी अभियानों की सफलता से देश को कितना लाभ मिलेगा यह समय बताएगा।
संजय मेहरोत्रा के साथ पीएम मोदी
- फोटो : MEA
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद माइक्रोन टेक्नोलॉजी के अध्यक्ष व सीईओ संजय मेहरोत्रा ने कहा कि मेरी पीएम मोदी के साथ एक उत्कृष्ट बैठक हुई। मैं भारत के लिए उनके दृष्टिकोण और भारत की ओर से की जा रही प्रगति से बहुत प्रभावित हूं। हमने कई विषयों पर चर्चा की और हम वास्तव में भारत में अधिक अवसरों की उम्मीद में हैं। बता दें कि पीएम के दौरे से पहले केंद्रीय कैबिनेट ने अमेरिका की चिप बनाने वाली कंपनी माइक्रोन टेक्नोलॉजी (Micron Technology) की एक योजना को मंजूरी दी थी। माइक्रोन की योजना गुजरात में चिप की टेस्टिंग और पैकेजिंग यूनिट के लिए 270 करोड़ डॉलर का एक प्लांट लगाने की है। यह प्लांट गुजरात के साणंद में सेटअप किया जाएगा। चिप बनाने वाली कंपनी के अध्यक्ष और सीईओ संजय मेहरोत्रा का नेटवर्थ 86 मिलियन डॉलर यानी करीब 704.58 करोड़ रुपये है। भारत में उनकी एंट्री से चिप निर्माण के क्षेत्र में देश में एक नई शुरुआत होने की उम्मीद है।
डिकर्सन के साथ पीएम मोदी
- फोटो : MEA
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) की अपनी राजकीय अमेरिका यात्रा के दौरान इस बार एप्लाइड मैटेरियल्स के अध्यक्ष और सीईओ गैरी ई. डिकर्सन (Gary E. Dickerson) से भी मिले। पीएम से मुलाकात के बाद डिकर्सन ने कहा, "मैं भारत से बहुत प्रभावित हूं और मेरा मानना है कि सेमीकंडक्टर उद्योग में भारत के विकास का अवसर अभी है। यह भारत के लिए अविश्वसनीय विकास का समय है। भारत एक विश्वसनीय भागीदार है और दुनिया भर के कई देश भारत में भरोसे और जबरदस्त प्रतिभा को देखते हैं। हम जल्द ही भारत में एक नवाचार केंद्र की घोषणा करेंगे जो उपकरणों में नवाचार पर ध्यान केंद्रित करेगा। मुझे पूरा विश्वास है कि भारत के साथ मिलकर काम करके हम जबरदस्त सफलता हासिल कर सकते हैं।" डिकर्सन के नेटवर्थ की बात करें तो उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार उनकी कुल नेटवर्थ करीब 271 मिलियन डॉलर यानी करीब 2220.24 करोड़ रुपये है।
लॉरेंस कल्प जूनियर के साथ पीएम
- फोटो : MEA
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने वर्तमान अमेरिका दौरे पर जनरल इलेक्ट्रिक के अध्यक्ष और सीईओ व जनरल इलेक्ट्रिक एयरोस्पेस के सीईओ एच. लॉरेंस कल्प जूनियर (लैरी कल्प) से भी मिले। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनरल इलेक्ट्रिक के सीईओ एच लॉरेंस कल्प जूनियर से मुलाकात के दौरान भारत में विनिर्माण की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता के लिए जीई की सराहना की। प्रधानमंत्री और कल्प जूनियर ने भारत में विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए जीई के अधिक प्रौद्योगिकी सहयोग पर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने जीई को भारत में विमानन और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में बड़ी भूमिका निभाने के लिए आमंत्रित किया। जनरल इलेक्टिक एयरोस्पेस के सीईओ एच. लॉरेंस कल्प जूनियर की अनुमानित नेटवर्थ करीब 528 मिलियन डॉलर (4325.77 करोड़ रुपये) है। यदि जीई भारत में अपने कारोबार का विस्तार करती है तो भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए यह एक अच्छी खबर होगी।