भारतीय रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का परीक्षण और प्रमाणन (सर्टिफिकेशन) प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हो गई है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को घोषणा की कि देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन गुवाहाटी और हावड़ा (कोलकाता) के बीच चलाई जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आने वाले कुछ ही दिनों में इस ऐतिहासिक रूट पर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
रात के सफर में मिलेगी वर्ल्ड-क्लास सुविधा
रेल मंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन लंबी दूरी की रात की यात्राओं के लिए डिजाइन की गई है। यह ट्रेन यात्रियों को विश्व स्तरीय सुविधाएं, बेहतर सुरक्षा और एक आधुनिक यात्रा का अनुभव प्रदान करेगी। इसे भारतीय रेलवे के लिए एक बड़ा मील का पत्थर माना जा रहा है, जो प्रीमियम यात्रा को और सुगम बनाएगी।
15 अगस्त 2027 को चलेगी पहली बुलेट ट्रेन
वंदे भारत के साथ-साथ रेल मंत्री ने देश की पहली बुलेट ट्रेन को लेकर भी बड़ी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त 2027 को भारत को अपनी पहली बुलेट ट्रेन मिल जाएगी। वैष्णव ने मजाकिया अंदाज में कहा, "आप अभी से बुलेट ट्रेन की टिकट खरीद लीजिए, अगले साल बुलेट ट्रेन भी आ जाएगी।" उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार इस प्रोजेक्ट को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए पूरी गंभीरता से जुटी हुई है।
वंदे भारत स्लीपर में नहीं होगी आरएसी
जानकारी के मुताबिक, वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में आरएसी या आंशिक रूप से कन्फर्म टिकटों का कोई प्रावधान नहीं होगा। इस ट्रेन के लिए केवल कन्फर्म टिकट ही जारी किए जाएंगे। न्यूनतम 400 किलोमीटर की दूरी के लिये शुल्क लगेगा। केवल महिला आरक्षण, दिव्यांगजनों (पीडब्ल्यूडी) के लिए आरक्षण, वरिष्ठ नागरिक आरक्षण और ड्यूटी पास आरक्षण ही लागू होगा। इस ट्रेन में कोई अन्य आरक्षण कोटा लागू नहीं होगा।