दोनों सदनों में उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि उर्वरक और कृषि जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में भारत के हितों की पूरी तरह रक्षा की गई है। उन्होंने कहा कि यह समझौता छोटे और मध्यम कारोबारियों, एमएसएमई, औद्योगिक इकाइयों, कुशल श्रमिकों और उद्योगों के लिए नए अवसर खोलेगा व उन्नत तकनीकों तक पहुंच को आसान बनाएगा। इससे 'मेक इन इंडिया फॉर द वर्ल्ड', 'डिजाइन इन इंडिया फॉर द वर्ल्ड' और 'इनोवेट इन इंडिया फॉर द वर्ल्ड' के लक्ष्यों को गति मिलेगी। गोयल के बयान के दौरान संसद में विपक्ष का हंगामा जारी रहा, लेकिन मंत्री ने कहा कि सरकार ने राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरि रखते हुए बातचीत पूरी की है।
मंत्री ने बताया कि 2 फरवरी 2026 को प्रधानमंत्री और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के बीच द्विपक्षीय और अंतरराष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर टेलीफोनिक बातचीत हुई थी। इसके बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने टैरिफ को घटाकर 18 प्रतिशत करने की घोषणा की। गोयल ने जोर देकर कहा कि यह दर कई प्रतिस्पर्धी देशों पर लागू अमेरिकी टैरिफ से कम है, जिससे भारतीय निर्यातकों को प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त मिलेगी।
केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने लोकसभा में बताया कि अमेरिका के साथ व्यापार समझौते में कृषि व डेयरी क्षेत्र को पूरी तरह सुरक्षित रखा गया है। मंत्री ने इस समझौते को विकसित भारत 2047 की दिशा में बड़ा कदम बताते हुए कहा कि इससे भारतीय किसानों का कोई नुकसान नहीं होगा। भारतीय कृषि व डेयरी उद्योग का भी पूरा ध्यान रखा गया है। विपक्ष के हंगामे के बीच गोयल ने कहा, करीब एक वर्ष की वार्ता के बाद अमेरिका के साथ करार पर सहमति बनी है। इसका मकसद मेक इन इंडिया, डिजाइन इन इंडिया और इनोवेट इन इंडिया को बढ़ावा देना है।
गोयल ने कहा कि भारत और अमेरिका की अर्थव्यवस्थाएं काफी हद तक एक-दूसरे की पूरक हैं और आने वाले समय में दोनों देशों के बीच व्यापार के व्यापक अवसर मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ते हुए भारत को ऊर्जा, विमानन, डेटा सेंटर, परमाणु ऊर्जा सहित कई अहम क्षेत्रों में अपनी क्षमताएं बढ़ानी होंगी, जहां अमेरिका अग्रणी देश है। ऐसे में इन क्षेत्रों में भारत-अमेरिका व्यापार पर फोकस करना स्वाभाविक है, जिससे न केवल आयात बल्कि भारत के निर्यात को भी बढ़ावा मिलेगा।
गोयल ने आगे बताया कि व्यापार समझौते को लेकर दोनों पक्ष मिलकर आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा करेंगे और कागजी कार्रवाई को अंतिम रूप दिया जाएगा, ताकि इसकी पूरी क्षमता का लाभ जल्द से जल्द लिया जा सके। समझौते का विस्तृत ब्योरा इन प्रक्रियाओं के पूरा होने के बाद सार्वजनिक किया जाएगा।
गोयल ने इस समझौते को ऐतिहासिक और संरचनात्मक बताते हुए कहा कि यह भारत-अमेरिका संबंधों को और मजबूत करने व विकसित भारत 2047 की यात्रा को गति देने वाला बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि यह दुनिया के दो सबसे बड़े लोकतांत्रिक देशों के बीच मजबूत संबंधों को दर्शाता है, जो साझा समृद्धि के लिए स्वाभाविक साझेदार के रूप में मिलकर काम कर रहे हैं।