पेट्रोनेट एलएनजी लिमिटेड के नतीजे।
- फोटो : सोशल मीडिया
पेट्रोनेट एलएनजी लिमिटेड ने अपने चौथी तिमाही के परिणाम घोषित कर दिए हैं। इनके मुताबिक, कंपनी का राजस्व सालाना आधार पर पिछले वित्तीय वर्ष में 26,023 करोड़ रुपये की तुलना में वित्त वर्ष 2021-22 में 43,169 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है। यानी कंपनी के राजस्व में 66 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है।
नतीजों को देखें तो कंपनी ने पिछले वित्तीय वर्ष में 2939 करोड़ रुपये की तुलना में वित्त वर्ष 2021-22 में 3438 करोड़ रुपये के समेकित पीएटी (कर के बाद मुनाफा) के साथ समेकित स्तर पर इसमें 17 फीसदी की सालाना वृद्धि दर्ज की है। वित्त वर्ष 2021-22 में अब तक का उच्चतम पीबीटी (कर पूर्व मुनाफा) और पीएटी क्रमशः 4,474 करोड़ रुपये और 3,352 करोड़ रुपये है। बता दें कि इस वित्त वर्ष पीबीटी और पीएटी में वृद्धि पिछले साल की समान अवधि की तुलना में क्रमश: 15 और 20 फीसदी है।
हालांकि, वित्त वर्ष 2020-21 में 896 टीबीटीयू एलएनजी संसाधित करने के मुकाबले कंपनी ने वित्त वर्ष 2021-22 में 847 टीबीटीयू का थ्रूपुट हासिल किया। इसमें बताया गया कि गैस की उच्च कीमतें होने के बावजूद कंपनी वित्त वर्ष के दौरान कुशल वाणिज्यिक प्रबंधन के चलते मजबूत वित्तीय परिणाम हासिल करने में सक्षम रही। कंपनी के मजबूत प्रदर्शन को देखते हुए निदेशक मंडल ने 4.50 रुपये प्रति शेयर के डिविडेंड को भी मंजूरी दी है।