मोबाइल वॉलेट कंपनी पेटीएम अपने यूजर्स को अब फ्री इन्श्योरेंस देने जा रही है। इस घोषणा से जिन लोगों ने पेटीएम पर अपना वॉलेट खोला हुआ है, उनको धोखाधड़ी वाले लेन देन से सुरक्षा मिलेगी। अगर किसी यूजर के पेटीएम वॉलेट से पड़े हुए पैसों की चोरी, सेंधमारी हो जाती है या फिर मोबाइल फोन चोरी अथवा खो जाता है, तो कंपनी पैसे वापस करेगी। इसके लिए किसी प्रकार का कोई अतिरिक्त शुल्क कंपनी ग्राहकों से नहीं लेगी।
सरकार ने की थी इन्श्योरेंस देने की सिफारिश
इससे पहले सरकार ने मोबाइल वॉलेट कंपनियों से कहा था कि वो बीमा कंपनियों से बात करके इस तरह की सुविधा को जल्द से जल्द शुरू करे। सरकार ने इस साल जनवरी में मोबाइल वालेट कंपनियों व बीमा कंपनियों में बातचीत की पहल की थी, जिससे इलेक्ट्रॉनिक वालेट के माध्यम से लेन देन के बीमा के लिए एक ढांचा तैयार किया जा सके।
20 हजार रुपये तक का मिलेगा इन्श्योरेंस
पेटीएम केवल 20 हजार रुपये तक इन्श्योरेंस इस स्कीम के तहत देगी। अगर इससे ज्यादा पैसा वॉलेट में पड़ा हुआ है तो उसका नुकसान उपभोक्ता को उठाना पड़ेगा। कंपनी ने कहा है, 'सभी उपभोक्ताओं की 20,000 रुपये या उनके वालेट में मौजूद इससे कम के धन का बीमा होगा। मोबाइल फोन के चोरी या फिर खो जाने पर उपभोक्ता को 12 घंटे के भीतर पेटीएम को मेल के माध्यम से या फिर कस्टमर केयर पर फोन करके सूचित करना होगा। इससे उपभोक्ताओं और कारोबारियों से बड़ी राहत मिलेगी और वालेट की सुरक्षा को लेकर उनकी चिंता दूर होगी।'
पेटीएम के उपाध्यक्ष कृष्णा हेगड़े ने कहा हमारी वालेट बीमा योजना से बाधारहित भुगतान का अनुभव ग्राहकों को मिल सकेगा और लाखों ग्राहकों और कारोबारियों की चिंता दूर होगी, जो पेटीएम का इस्तेमाल कर रहे हैं।