पतंजलि फूड्स अप्रैल में फॉलोऑन पब्लिक ऑफर (एफपीओ) लाने की योजना बना रही है। इसके बाद कंपनी में प्रवर्तकों का हिस्सा कम हो जाएगा। पतंजलि समूह के मालिक बाबा रामदेव ने बृहस्पतिवार को कहा, कंपनी सार्वजनिक हिस्सेदारी बढ़ाकर 25 फीसदी करने के लिए एफपीओ लाएगी। उधर, बीएसई व एनएसई ने बुधवार को कंपनी के न्यूनतम प्रवर्तकधारिता पूरा नहीं करने पर शेयरों को फ्रीज कर दिया था। कंपनी ने कहा, फैसले का कोई असर नहीं होगा।
पेट्रोल-डीजल की बिक्री घटी, विमान ईंधन में इजाफा
तापमान बढ़ने से देश में ईंधन की बिक्री मार्च के पहले पखवाड़े में घट गई। फरवरी में पेट्रोल व डीजल की मांग में तेज उछाल आया था। उद्योग के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, मार्च के पहले पखवाड़े में पेट्रोल की बिक्री सालाना आधार पर 1.4% घटकर 12.2 लाख टन रह गई। डीजल की बिक्री 10.2 फीसदी घटकर 31.8 लाख टन रह गई। रसोई गैस की मांग में 9.7 फीसदी गिरावट रही। हालांकि, विमान ईंधन की बिक्री 19.2 फीसदी बढ़कर 2,94,900 टन पर पहुंच गई।
खुले बाजार में गेहूं बेचने से दो माह में आटा 8 रुपये तक सस्ता
खुले बाजार में गेहूं बेचने से आटे की कीमतें पिछले दो महीने में प्रति किलो 6-8 रुपये तक घट गई हैं। रोलर फ्लोर मिलर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के मुताबिक, फसल वर्ष 2022-23 में गेहूं उत्पादन 10.6-11 करोड़ टन रह सकता है। एसोसिएशन ने कहा, 25 जनवरी से खुले बाजार में गेहूं की बिक्री से आटे का भाव 2,600-3,000 रुपये प्रति क्विंटल हो गया है, जो जनवरी में 3,400-3,800 रुपये था। गेहूं, उसके उत्पादों जैसे आटा, मैदा और सूजी के निर्यात पर 2023-24 में भी प्रतिबंध जारी रहना चाहिए।
एफसीआई ने ई-नीलामी में बेचे 4.91 लाख टन गेहूं
गेहूं और आटे की कीमतों को काबू में लाने के मकसद से भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) ने ई-नीलामी के छठे दौर में आटा चक्की जैसे थोक उपभोक्ताओं को 4.91 लाख टन गेहूं बेचा है। केंद्र ने खुली बाजार बिक्री योजना (ओएमएसएस) के तहत 50 लाख टन गेहूं बेचने की घोषणा की है। इसमें से 45 लाख टन थोक उपयोगकर्ताओं के लिए निर्धारित किया गया है। 15 मार्च को छठे दौर की ई-नीलामी आयोजित की गई थी।