मारुति सुजुकी इंडिया ने बुधवार को घोषणा की कि उसने DPIIT के साथ साझेदारी की है। इस सहयोग का उद्देश्य ऑटोमोबाइल निर्माण और मोबिलिटी क्षेत्र में तकनीक-आधारित समाधान विकसित करने के लिए स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित करना और समर्थन देना है।
स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए मारुति सुजुकी ने उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) के साथ साझेदारी की है। कंपनी ने बुधवार को यह जानकारी दी है। कंपनी ने अपने बयान में कहा कि 'स्टार्टअप इंडिया' पहल के तहत डीपीआईआईटी से मान्यता प्राप्त स्टार्टअप्स को मारुति सुजुकी के इनोवेशन कार्यक्रमों में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
स्टार्टअप्स को निवेशकों से जुड़ने का मंच मिलेगा
इसमें कहा गया कि चयन के बाद, स्टार्टअप्स को विशेषज्ञ मार्गदर्शन, उद्योग से जुड़ी गहन जानकारी और वाहन निर्मात के विशाल नेटवर्क व बुनियादी ढांचे तक पहुंच का लाभ मिलेगा। इसके अलावा, स्टार्टअप्स को अपने समाधान प्रदर्शित करने के लिए इनक्यूबेटर्स, एक्सेलरेटर्स और निवेशकों से जुड़ने का मंच भी मिलेगा।
विज्ञापन
स्टार्टअप्स को बढ़ावा और समर्थन देने का लक्ष्य
मारुति सुजुकी इंडिया के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी राहुल भारती ने कहा कि इस सहयोग का उद्देश्य ऑटोमोबाइल निर्माण और मोबिलिटी क्षेत्र में तकनीक-आधारित समाधान विकसित करने के लिए स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित करना और समर्थन देना है।
अगली पीढ़ी को होगा लाभ
डीपीआईआईटी के संयुक्त सचिव संजीव ने कहा कि यह समझौता ज्ञापन (एमओयू) स्टार्टअप्स के लिए एक मजबूत मंच बनाने की दिशा में एक कदम है। यह आइडिया को बाजार के लिए तैयार गतिशीलता और विनिर्माण समाधानों में बदल देगा, जिससे अगली पीढ़ी के औद्योगिक नवाचार में भारत के नेतृत्व को मजबूती मिलेगी।