फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Budget 2025: विपक्ष को नहीं रास आया बजट, जयराम रमेश ने कसा तंज; सरकार ने कहा- मध्यम वर्ग को मिली सौगात

Sat, 01 Feb 2025 01:56 PM IST
बशु जैन बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में बजट पेश किया। बजट विपक्ष को रास नहीं आया। कांग्रेस महासचिव ने बजट को लेकर केंद्रीय वित्त मंत्री पर तंज कसा। वहीं सत्ता पक्ष ने इसे विकास और मध्यम वर्ग का बजट बताया। 
विज्ञापन
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश। - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में बजट पेश किया। बजट में आयकर को लेकर बड़ा एलान किया गया। वहीं कई सौगातों की घोषणा की गई। आम बजट विपक्ष को रास नहीं आया। कांग्रेस महासचिव ने बजट को लेकर केंद्रीय वित्त मंत्री पर तंज कसा। वहीं सत्ता पक्ष ने इसे विकास और मध्यम वर्ग का बजट बताया। 

विज्ञापन

 

कर छूट का मध्यम वर्ग को मिलेगा बड़ा लाभ: अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बजट को मध्यम वर्ग का बताया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि मध्यम वर्ग हमेशा पीएम मोदी के दिल में रहता है। 12 लाख रुपये की आय तक शून्य आयकर। प्रस्तावित कर छूट मध्यम वर्ग की वित्तीय भलाई को बढ़ाने में एक लंबा रास्ता तय करेगी। बजट-2025 विकसित और हर क्षेत्र में श्रेष्ठ भारत के निर्माण की दिशा में मोदी सरकार की दूरदर्शिता का ब्लूप्रिंट है। बजट किसान, गरीब, मध्यम वर्ग, महिला और बच्चों की शिक्षा, पोषण व स्वास्थ्य से लेकर स्टार्टअप, नवाचार और निवेश तक हर क्षेत्र को समाहित करता है। यह बजट मोदी के आत्मनिर्भर भारत का रोडमैप है। इस सर्वसमावेशी और दूरदर्शी बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बधाई देता हूं।

रोजगार के अवसर पैदा होंगे: नित्यानंद राय
केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि बजट में बिहार को भी प्राथमिकता मिली है और राज्य के लिए बड़ी परियोजनाओं की घोषणा की गई है। यह बजट गरीबों, किसानों के कल्याण और मध्यम वर्ग की मदद के लिए है। यह बजट ऐसा है। इससे रोजगार के अवसर पैदा होंगे। मखना बोर्ड की घोषणा विशेष थी और कोसी नदी के क्षेत्र के लिए जो परियोजनाएं घोषित की गईं, उनके लिए भी मैं बिहार की जनता की ओर से पीएम मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री को धन्यवाद देता हूं।
विज्ञापन


विकसित भारत का बजट: सिंधिया 
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि यह बजट विकसित भारत और प्रधानमंत्री के नए और ऊर्जावान भारत के सपने को पूरा करने के संकल्प के लिए है। हर क्षेत्र का समुचित अध्ययन करने के बाद एक नया नक्शा तैयार किया गया है। यह एक समग्र बजट है जो भारत को आगे ले जाएगा और न केवल भारत को आत्मनिर्भर बनाएगा बल्कि इसे विश्वगुरु के रूप में स्थापित करेगा।
 

पटरी से उतर गया विकास का इंजन : जयराम रमेश
कांग्रेस ने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने विकास के चार इंजन कृषि, एमएसएमई, निवेश और निर्यात की बात की थी, लेकिन बजट पूरी तरह से पटरी से उतर गया है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि वित्त मंत्री ने चार इंजनों की बात की।इतने सारे इंजन थे कि बजट पूरी तरह से पटरी से उतर गया है। उन्होंने कहा कि बिहार के लिए घोषणाओं की झड़ी लग गई है। यह स्वाभाविक है क्योंकि इस साल के अंत में वहां चुनाव होने हैं। लेकिन एनडीए के दूसरे स्तंभ आंध्र प्रदेश को नजर अंदाज किया गया।

उन्होंने कहा कि अरुण जेटली के नेतृत्व वाली भाजपा ने परमाणु क्षति के लिए नागरिक दायित्व अधिनियम 2010 को सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया, जिसे अंतरराष्ट्रीय कंपनियां तब चाहती थीं जब डॉ. मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे। अब ट्रंप को खुश करने के लिए, वित्त मंत्री ने इस अधिनियम में संशोधन की घोषणा की है। 

महाकुंभ भगदड़ में मरने वालों का डाटा बजट से ज्यादा अहम: अखिलेश
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि महाकुंभ 12 साल बाद आता है। हमारे लिए महाकुंभ में भगदड़ में मरने वालों का डाटा बजट से ज्यादा महत्वपूर्ण है। सरकार यह नहीं बता पा रही है कि कितने लोग मरे, लापता हुए या घायल हुए। सरकार ने जो मौतों का आंकड़ा दिया है वो झूठा है। आपने क्या इंतज़ाम किए हैं? ये सरकार कहती है कि हम हिंदुओं की पार्टी हैं लेकिन वो हिंदुओं के इस सबसे बड़े त्योहार के लिए इंतज़ाम नहीं कर पा रहे हैं। क्या यही है आपके विकसित भारत की परिभाषा कि लोग भगदड़ में मरेंगे। 

पूर्व पीएम देवगौड़ा ने किया बजट का स्वागत
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और राज्यसभा सांसद एचडी देवेगौड़ा ने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री ने मध्यम वर्ग, चिकित्सा क्षेत्र सहित विभिन्न क्षेत्रों को लाभ देने के लिए कई अच्छे बिंदु उठाए हैं। मैं इस बजट का स्वागत करता हूं।

मध्यम वर्ग के लिए बड़ी सौगात : सीएम धामी
उत्तराखंड के सीएम सीएम पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर लिखा कि मध्यम वर्ग के लिए बड़ी सौगात। आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी और सशक्त नेतृत्व में मध्यम वर्ग को बड़ी राहत देते हुए केंद्रीय बजट 2025-26 के अंतर्गत 12 लाख रुपये तक की आय को कर मुक्त करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। निश्चित रूप से इस कल्याणकारी निर्णय से मध्यम वर्ग सहित देश के आम आदमी को लाभ मिलेगा। इस निर्णय से न केवल आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा बल्कि लोगों की जीवनशैली में भी सकारात्मक बदलाव आएगा। इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए धन्यवाद- प्रधानमंत्री जी को बधाई।

देवेंद्र फडणवीस - फोटो : एक्स/देवेंद्र फडणवीस
महाराष्ट्र के सीएम फडणवीस ने बताया ड्रीम बजट
महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शानदार बजट पेश किया है। इसे  मध्यम वर्ग के लिए ड्रीम बजट कहा जा सकता है। आयकर छूट स्लैब में बदलाव किया गया है और आयकर छूट को बढ़ाकर 12 लाख रुपये कर दिया गया है। यह घोषणा भारत की अर्थव्यवस्था में मील का पत्थर साबित होगी। इससे लोगों के एक बड़े वर्ग के हाथ में खर्च करने लायक आय होगी, खरीदारी होगी, मांग बढ़ेगी और एमएसएमई को लाभ होगा, रोजगार पैदा होगा। अर्थव्यवस्था पर इसका व्यापक प्रभाव देखने को मिलेगा। कृषि क्षेत्र में कई योजनाओं की घोषणा की गई है। आज कई योजनाओं की घोषणा की गई। मेरा मानना है कि यह एक पथप्रदर्शक बजट है। यह 21वीं सदी में एक नई राह दिखाने वाला बजट है।

निराशाजनक रहा बजट: डीएमके सांसद मारन
डीएमके सांसद दयानिधि मारन ने कहा कि यह बहुत निराशाजनक बजट है। इसे दिल्ली के मतदाताओं को लुभाने के लिए बनाया गया है। वित्त मंत्री ने यह कहते हुए बड़ी छूट दी है कि 12 लाख रुपये पर कोई टैक्स नहीं है। फिर वह कहती हैं कि 8-12 लाख रुपये के लिए 10% का स्लैब है। यह बहुत भ्रामक है। वह मतदाताओं से वादा करने की कोशिश करती हैं कि 12 लाख रुपये तक कर में छूट है, लेकिन यह सरल और सीधा नहीं है। उन्हें टीडीएस और इन सभी चीजों में दावा करना होगा। एक बार फिर मध्यम वर्ग के लिए निराशा वाला बजट है। ऐसा लगता है कि वित्त मंत्री ने एक बार फिर मध्यम वर्ग को धोखा दिया है। बुनियादी ढांचा देश के बाकी हिस्सों के लिए नहीं है, यह केवल बिहार की ओर जा रहा है क्योंकि इस साल बिहार में चुनाव हैं। तमिलनाडु या किसी अन्य दक्षिणी राज्य के लिए एक भी शब्द नहीं है। 

पिछले बजट की घोषणाओं का क्या हुआ: कार्ति चिदंबरम
कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने कहा कि बजट के बारे में कोई भी बयान देने से पहले हम इसके विवरण पर गौर करें। क्योंकि बजट हमेशा विवरणों में छिपा होता है और हम केवल वित्त मंत्री के भाषण को सुनकर कोई भी निर्णय नहीं ले सकते। कई नए प्रस्ताव आए हैं, लेकिन हमें यह भी देखना चाहिए कि पिछले बजट में घोषित प्रस्तावों का क्या हुआ? पिछले बजट में भी कुछ बड़ी योजनाओं की घोषणा की गई थी। तो उनकी स्थिति क्या है? अब कई और योजनाओं की घोषणा की गई है, जो सभी 2029 में इस संसद के समापन के बाद ही पूरी होंगी। इसलिए हमें इन सभी योजनाओं, पिछली योजनाओं की प्रभावशीलता को देखना होगा। यह बिल्कुल स्वाभाविक है कि जब भी कोई राज्य चुनाव के लिए आता है, तो उसे असंगत मात्रा में तरजीह मिलती है। लेकिन ऐसा लगता है कि आजकल बजट इसी राजनीतिक दिशा में बनाए जाते हैं।

बेरोजगारी का कोई जिक्र नहीं: थरूर
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि मुझे लगता है कि बेंचों से जो तालियां आपने सुनीं, वह मध्यम वर्ग के कर कटौती के लिए थीं। यह एक अच्छी बात हो सकती है। इसलिए यदि आपके पास वेतन है तो आप कम कर दे रहे होंगे। लेकिन महत्वपूर्ण सवाल यह है कि यदि हमारे पास वेतन नहीं है तो क्या होगा? आय कहां से आएगी? आयकर राहत से लाभ उठाने के लिए आपको वास्तव में नौकरियों की आवश्यकता है। वित्त मंत्री ने बेरोजगारी का उल्लेख नहीं किया। विडंबना यह है कि जो पार्टी एक राष्ट्र, एक चुनाव चाहती है, वह वास्तव में प्रत्येक वर्ष प्रत्येक राज्य में होने वाले प्रत्येक चुनाव का उपयोग अधिक मुफ्त सुविधाएं देने के लिए कर रही है। वे कई चुनाव भी करवा सकते हैं ताकि वे अपने सहयोगियों से अधिक प्रशंसा प्राप्त कर सकें।

पंजाब का कोई जिक्र नहीं : अकाली दल
शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि सिर्फ बिहार, बिहार, बिहार। पंजाब का कोई जिक्र नहीं था। किसान पिछले चार साल से एमएसपी की कानूनी गारंटी को लेकर धरने पर बैठे हैं। उन्होंने किसानों के लिए क्या घोषणा की? यह किसान विरोधी बजट था। अपने हक के लिए लड़ रहे किसानों की सुनवाई नहीं हुई, यह दुखद है।

आम आदमी के लिए कुछ नहीं: अभिषेक बनर्जी
टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा कि बजट में आम आदमी के लिए कुछ नहीं है। इस साल बिहार में चुनाव हैं, इसलिए उसे ध्यान में रखते हुए बिहार के लिए बजट पेश किया गया है। बिहार को सब कुछ दिया गया है। जुलाई 2024 में जब बजट पेश किया गया था, तब आंध्र प्रदेश और बिहार के लिए सब कुछ किया गया था। पिछले 10 सालों से बीजेपी सत्ता में है और बंगाल को कुछ नहीं मिला, यह दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। 

आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का बजट: शिवराज
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए है। इसमें कृषि क्षेत्र और किसानों को प्राथमिकता दी गई है। अब किसान क्रेडिट कार्ड पर किसान पांच लाख रुपये तक का लाभ उठा सकते हैं। किसानों को कई सौगातें दी गई हैं।
विज्ञापन

बजट ने युवाओं को अमेरिका-कनाडा जैसा अवसर देने की राह खोली- बीजेपी
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष विरेंद्र सचदेवा ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि यह बजट नई पीढ़ी के नौजवानओं को देश में रहकर अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और जापान जैसे देशों के युवाओं की तरह कमाने और आधुनिक तरीके से जीवन जीने की आजादी देने का मंत्र लेकर आया है। इससे हमारे देश के युवा नई कंपनियां स्थापित करने की तरफ अग्रसर होंगे और वे नौकरी खोजने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनेंगे। इससे देश विकास की एक नई राह पर दौड़ेगा।

उन्होंने कहा कि आयकर में टैक्स राहत का दायरा 12 लाख तक बढ़ा कर मोदी सरकार ने मल्टी नेशनल कम्पनियों में कार्यरत युवाओं के साथ ही सम्पूर्ण मध्यम वर्ग के जीवन परिवर्तन के सपनों को नये पंख दिए है। भारी टैक्स छूट लाया यह बजट मध्यम वर्ग को बचत बढ़ाने के साथ ही उपभोक्ता वस्तुओं की खरीद के साधन भी दे गया है। दो सम्पत्तियों में निवेश करने वालों को मिली कर छूट से भी मध्यम वर्गीय युवा एवं परिवारों को बेहतर निवेश अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि यह बजट दिल्ली के लिए बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि यह ईवी वाहनों के निर्माण एवं बिक्री के लिए विशेष प्रोत्साहन लाया है। जिससे दिल्ली के वाहन प्रदूषण को भी कम करने की राह खुलेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें