महाराष्ट्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद वहां अपने दो रिसॉर्ट खोलने का फैसला किया है। सरकार महाराष्ट्र के लोगों को वहां जाने के लिए प्रोत्साहित करेगी। विशेष राज्य का दर्जा खत्म होने के बाद जम्मू-कश्मीर में रिसॉर्ट खोलने का निर्णय लेने वाला महाराष्ट्र पहला राज्य है।
मंगलवार को राज्य के पर्यटन मंत्री जयकुमार रावल ने बताया कि महाराष्ट्र पर्यटन विकास निगम (एमटीडीसी) ने जम्मू-कश्मीर में दो रिसॉर्ट खोलने का प्रस्ताव सरकार को भेजा था, जिसे मंजूर करते हुए सरकार ने जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल को भेजने का निर्णय लिया है। एक रिसॉर्ट पहलगाम में बनाने का प्रस्ताव है। उन्होंने कहा कि रिसॉर्ट के लिए जमीन खरीदने की बातचीत शुरू हो चुकी है। रिसॉर्ट बनाने के लिए राज्य सरकार दो करोड़ रुपये खर्च करेगी।