ऑस्ट्रेलिया में कठिन परिस्थितियों में भारतीय क्रिकेट टीम के शानदार प्रदर्शन से जिक्र करते हुए वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि कोरोना महामारी के बाद दुनिया में सही मायनों में भारत संभावनाओं और उम्मीदों की धरती बनने के लिए तैयार है।
वित्त वर्ष 2021-22 का बजट पेश करते हुए वित्तमंत्री ने कहा कि दो विश्व युद्धों के बाद जैसा हुआ था, ऐसे संकेत हैं कि कोरोना के बाद की दुनिया में राजनीतिक, आर्थिक और सामरिक संबंधों में बदलाव आ रहा है। इतिहास में यह क्षण नए युग की शुरुआत है।
उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के खिलाफ देश की जंग 2021 में भी जारी रहेगी और देश इस संक्रमण बीमारी के लिए दो और वैक्सीन को लाने के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा कि देश में अभी दो वैक्सीन उपलब्ध हैं और इनसे न केवल अपने नागरिकों को कोविड-19 से सुरक्षित किया जा रहा है बल्कि 100 और देशों को भी इसे मुहैया कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह राहतभरी बात है कि दो और वैक्सीन जल्द आने की उम्मीद है।
सीतारमण ने कहा कि क्रिकेट प्रेमी देश के तौर पर ऑस्ट्रेलिया में भारत की हालिया शानदार सफलता पर वह अपने उत्साह और भावनाओं का शब्दों में इजहार करने में असमर्थ हैं। इसने हम सभी को उन गुणों का स्मरण कराया जिनके लिए हम लोग खासकर हमारे युवा जाने जाते हैं। ये गुण हैं, भरपूर हौसला, काम करने और कामयाब होने की अदम्य इच्छा।
इस महीने की शुरुआत में बेहद खराब शुरुआत करने और कई वरिष्ठ खिलाड़ियों के चोटिल होने के बावजूद भारतीय क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया को टेस्ट सीरीज में 2-1 से हरा दिया था। साथ ही गाबा के मैदान पर भारत ने पहली बार ऑस्ट्रेलिया को पटखनी दी।