घरेलू कंपनियां चालू वित्त वर्ष में 6.2 फीसदी से 11.3 फीसदी तक औसत वेतन वृद्धि कर सकती हैं। कुछ स्तरों पर यह वृद्धि 13.8 फीसदी तक पहुंचने की उम्मीद है। टीमलीज सर्विसेज की रिपोर्ट के मुताबिक, कॉरपोरेट्स कौशल प्रमाणन और प्रोत्साहन आधारित सहभागिता पर ध्यान केंद्रित कर कार्यबल रणनीतियों को नया स्वरूप दे रहे हैं।
23 उद्योगों और 20 शहरों के 1,308 व्यवसायों से बातचीत पर आधारित रिपोर्ट के मुताबिक, 11.3 फीसदी तक अनुमानित वेतन वृद्धि देश के रोजगार और वेतन परिदृश्य में बदलाव का संकेत देती है। नए जमाने के उद्योग तेजी से बढ़ रहे हैं। इसलिए, मांग उन भूमिकाओं की ओर बढ़ रही है, जिनमें तकनीकी क्षमता के साथ तत्काल व्यावसायिक प्रभाव भी शामिल हो।
रिपोर्ट में कहा गया है कि इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) और इससे जुड़े बुनियादी ढांचा क्षेत्र में सबसे अधिक 11.3 फीसदी वेतन बढ़ने की उम्मीद है। उपभोक्ता टिकाऊ वस्तुओं के क्षेत्र में 10.7 फीसदी, खुदरा में 10.7 फीसदी और एनबीएफसी (गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों) में 10.4 फीसदी वेतन बढ़ सकता है।
उद्योगों में सर्वाधिक वेतन वृद्धि ईवी और इससे जुड़े बुनियादी ढांचे में इलेक्ट्रिकल डिजाइन इंजीनियर की होगी, जो 12.4 फीसदी हो सकती है। कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में इन-स्टोर डेमोंस्ट्रेटर के वेतन में 12.2 फीसदी, एनबीएफसी में रिलेशनशिप एग्जिक्यूटिव में 11.6 फीसदी और रिटेल क्षेत्र में फैशन असिस्टेंट के वेतन में 11.2 फीसदी की बढ़ोतरी हो सकती है।
इन शहरों में सबसे अधिक वेतन वृद्धि
रिपोर्ट के मुताबिक, पुणे में गुणवत्ता नियंत्रण निरीक्षक का वेतन 13.8 फीसदी बढ़ सकता है। हैदराबाद में एमआईएस कार्यकारी के लिए 13.4 फीसदी वृद्धि की उम्मीद है। बंगलूरू में डाटा इंजीनियर का 12.9 फीसदी, मुंबई में इलेक्ट्रिकल डिजाइन इंजीनियर का 12.6 फीसदी और गुरुग्राम में सेल्स एगि्जक्यूटिव का वेतन 12.4 फीसदी बढ़ सकता है। सभी कार्यात्मक क्षेत्रों में बिक्री और विपणन भूमिकाओं में सर्वाधिक 9.9 फीसदी औसत वेतन वृद्धि होने का अनुमान है।
मैकेनिक-मशीन ऑपरेटर क्षेत्र में ज्यादा नौकरी
रिपोर्ट में कहा गया है कि ब्लू-कॉलर भूमिकाओं में मैकेनिक की सबसे अधिक 10.4 फीसदी मांग बढ़ी है। मटेरियल हैंडलर की 10 फीसदी, मशीन ऑपरेटर की 9.9 फीसदी और इलेक्ट्रीशियन की 9.3 फीसदी बढ़ी है। यह बदलाव नियोक्ताओं के लिए नए विकास इंजनों के साथ भर्ती को जोड़ने और नौकरी चाहने वालों के लिए लचीलेपन के लिए कौशल को बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण संकेत है।