एनडीटीवी मीडिया ग्रुप ने उद्योगपति गौतम अदाणी के 'अदाणी ग्रुप' से अपने बोर्ड में नियुक्ति के लिए दो निदशकों के नाम मांगें हैं। बताया गया है कि कंपनी ने अदाणी ग्रुप को दो सीटों की पेशकश की है। एनडीटीवी ने अलग-अलग क्षेत्रों में कार्यरत इस समूह को कंपनी में उसकी 29.18 प्रतिशत हिस्सेदारी के एवज में यह पेशकश की है। शेयर बाजारों को इसे लेकर सूचना भेजी जा चुकी है।
गौरतलब है कि अदाणी समूह ने इस टीवी नेटवर्क के संस्थापकों राधिका रॉय और प्रणय रॉय से डील के तहत नई दिल्ली टेलीविजन लिमिटेड (एनडीटीवी) में 29.18 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल की थी। इसके बाद, इसने सार्वजनिक शेयरधारकों से अतिरिक्त 26 प्रतिशत हासिल करने के लिए एक खुली पेशकश की।
एनडीटीवी के निदेशक मंडल ने नौ दिसंबर, 2022 को आयोजित अपनी बैठक में अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड की अप्रत्यक्ष अनुषंगी कंपनी आरआरपीआर होल्डिंग प्राइवेट लिमिटेड को आमंत्रित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। उसके पास एनडीटीवी में 29.18 प्रतिशत इक्विटी हिस्सेदारी है। इस आधार पर उसे एनडीटीवी में दो निदेशक मनोनीत करने को आमंत्रित किया गया है।
शेयर बाजार को भेजी सूचना में कहा गया है कि इस नियुक्ति पर 23 दिसंबर, 2022 को होने वाली निदेशक मंडल की अगली बैठक में विचार किया जाएगा। एनडीटीवी में सबसे अधिक शेयरधारिता होने के कारण अडाणी समूह को समाचार प्रसारण कंपनी का चेयरमैन नियुक्त करने का भी अधिकार मिल गया है। हालांकि, एनडीटीवी की ओर से शेयर बाजारों को भेजी गई सूचना में खुली पेशकश के बाद कंपनी में अडाणी की हिस्सेदारी का उल्लेख नहीं है।
इससे पहले, शेयर बाजार नियामक सेबी ने अदाणी समूह को मीडिया कंपनी न्यू डेल्ही टेलीविजन (एनडीटीवी) के 26 फीसदी अतिरिक्त शेयर खरीदने के लिए ओपन ऑफर लाने की मंजूरी दे दी थी। इस मंजूरी के मुताबिक, अदाणी समूह का ऑफर 22 नवंबर को आया था और 5 दिसंबर को ये बंद था। ऑफर में कंपनी के एक शेयर का मूल्य 294 तय किया गया है। बाजार नियामक ने 492.81 करोड़ के इस ऑफर के लिए 7 नवंबर को निर्णायक सहमति दी।
अदाणी समूह की खुली पेशकश एनडीटीवी के शेयर के मौजूदा भाव की तुलना में काफी कम कीमत पर की गई है। खुली पेशकश के तहत शेयर का भाव 294 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है, जबकि शुक्रवार को शेयर बाजारों में एनडीटीवी का शेयर 414.40 रुपये पर बंद हुआ था।
अबतक जितने शेयरों की पेशकश की गई है वह एनडीटीवी के शेयरों का 8.26 प्रतिशत है। इसके अलावा अडाणी समूह 29.18 प्रतिशत हिस्सेदारी पहले ही हासिल कर चुका है। अब इन्हें मिलाकर मीडिया कंपनी में समूह की हिस्सेदारी 37.44 प्रतिशत होगी। ये कंपनी के संस्थापक प्रणय रॉय और राधिका रॉय की 32.26 प्रतिशत हिस्सेदारी से अधिक है।