उपभोक्ता मामलों की सचिव निधि खरे ने बताया कि जीएसटी संबंधित मामलों को लेकर एनसीएच के पास 3000 शिकायतें आई हैं। मंत्रालय उन मामलों पर कड़ी निगरानी रख रहा है, जहां जीएसटी दरों में कमी का लाभ उपभोक्ताओं को देने से बचने के लिए भ्रामक छूट प्रथाओं के माध्यम से उपभोक्ताओं को धोखा दिया जा रहा है।
जीएसटी सुधार लागू होने के बाद राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन (एनसीएच) को जीएसटी से संबंधित 3,000 शिकायतें मिली है। उपभोक्ता मामलों की सचिव निधि खरे ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन शिकायतों को सीबीआईसी (केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर व सीमा शुल्क बोर्ड) को भेजा जा रहा है।
मंत्रालय उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करने के लिए कड़ी निगरानी रख रहा
खरे ने कहा कि उपभोक्ता मामलों का मंत्रालय उन मामलों पर कड़ी निगरानी रख रहा है, जहां जीएसटी दरों में कमी का लाभ उपभोक्ताओं को देने से बचने के लिए भ्रामक छूट प्रथाओं के माध्यम से उपभोक्ताओं को धोखा दिया जा रहा है।
एआई और चैटबॉट प्रौद्योगिकी का कर रहे इस्तेमाल
उन्होंने कहा कि मंत्रालय कई क्षेत्रों में शिकायतों की स्पष्ट तस्वीर हासिल करने के लिए एआई और चैटबॉट प्रौद्योगिकी का उपयोग कर रहा है। शिकायत तंत्र की शुरुआत इस चिंता के बीच की गई है कि खुदरा विक्रेता जीएसटी दरों में कटौती का लाभ उपभोक्ताओं तक पूरी तरह से नहीं पहुंचा रहे हैं। इसके कारण सरकार को अपनी निगरानी प्रणाली को मजबूत करने के लिए प्रेरित होना पड़ा है।