अमेरिकी स्पेस एजेंसी ने 13 कंपनियों को चुना है, जिनकी मदद से वो चांद पर पहली महिला को उतारने की कोशिश करेगा। इन कंपनियों में जेफ बेजोस की ब्लू ओरिजन और एलन मस्क की स्पेस एक्स भी शामिल हैं। नासा 2024 तक अपने अर्टेमिस मिशन के तहत ऐसा करने वाला है। चांद के बाद नासा का अगला मिशन मंगल ग्रह पर जाने का है।
मुफ्त में कंपनियां देगी सेवा
फॉक्स न्यूज के अनुसार, नासा ने जिन कंपनियों से टाईअप किया है, वो सभी अपनी तरफ से सारी सेवाओं को मुफ्त में देंगी। इसके लिए कंपनियों को नासा की तरफ से किसी भी तरह का कोई भुगतान नहीं किया जाएगा। यह कंपनियां नासा के 19 प्रोजेक्ट पर काम करेंगी। नासा के प्रमुख जिम ब्रिडेन्सटीन ने ट्वीट करते हुए कहा कि उनका संस्थान इन कंपनियों के साथ साझेदारी करेगा। इनमें से एक कंपनी बोल्डर चंद्रमा और पृथ्वी के बीच नेविगेशन सिस्टम पर काम करेगी।
लॉकहिड मार्टिन नासा के लैंगले रिसर्च सेंटर के साथ काम करेगी। यह कंपनी मेटल पाउडर का परीक्षण करेगी, जो स्पेसक्रॉफ्ट की डिजाइन को उन्नत करने में मदद करेगी। जेफ बेजोस की ब्लू ओरिजन जॉनसन स्पेस सेंटर के साथ नेविगेशन और ब्लू मून लैंडर के फ्यूल सेल पॉवर पर काम करेगी। इससे लैंडर को लगातार दो हफ्ते तक बिजली मिलती रहेगी।
वहीं एलन मस्क की कंपनी स्पेस एक्स नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर में लंबे रॉकेट को वर्टिकली चांद पर भेजने में मदद करेगी।