रिलायंस इंडस्ट्री लिमिटेड (RIL) के मालिक मुकेश अंबानी एक बार दोबारा एशिया के सबसे अमीर शख्स बन गए हैं। दो दिन पहले ही मुकेश अंबानी को पछाड़कर चीन के वाटर किंग कहे जाने वाले उद्योगपति झोंग शानशान एशिया के सबसे रईस शख्स बने थे। लेकिन अब झोंग शानशान दुनिया के शीर्ष 10 अमीरों की सूची से बाहर हो गए हैं।
फोर्ब्स रियल टाइम बिलेनियर्स इंडेक्स के अनुसार, मुकेश अंबानी अब दुनिया के सबसे रईस शख्स की सूची में 9वें स्थान पर हैं। फोर्ब्स के मुताबिक उनकी संपत्ति 76.8 अरब डॉलर है, और ब्लूमबर्ग के मुताबिक वे 76.7 अरब डॉलर की संपत्ति के मालिक हैं। वहीं, शानशान इस सूची में 14वें स्थान पर लुढ़क गए हैं। मौजूदा समय में शानशान की कुल संपत्ति 71.6 अरब डॉलर है। साल 2020 के अंत में मुकेश अंबानी दुनिया के शीर्ष 10 अमीरों की सूची से बाहर हो गए थे, लेकिन अब वे दोबारा एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं।
आइए जानते हैं फोर्ब्स रियल टाइम बिलेनियर लिस्ट के अनुसार दुनिया के शीर्ष 10 धनकुबेरों की संपत्ति कितनी है।
| रैंक |
नाम |
कुल संपत्ति (डॉलर में) |
स्रोत |
| 1. |
जेफ बेजोस |
189.7 अरब |
अमेजन |
| 2. |
एलन मस्क |
155.6 अरब |
टेस्ला, स्पेस एक्स |
| 3. |
बर्नार्ड अर्नाट एंड फैमिली |
150.9 अरब |
LVMH |
| 4. |
बिल गेट्स |
120.3 अरब |
माइक्रोसॉफ्ट |
| 5. |
मार्क जुकरबर्ग |
100.3 अरब |
फेसबुक |
| 6. |
लैरी एलिसन |
88.2 अरब |
सॉफ्टवेयर |
| 7. |
वॉरेन बफेट |
87.5 अरब |
बर्कशायर हैथवे |
| 8. |
लैरी पेज |
77.2 अरब |
गूगल |
| 9. |
मुकेश अंबानी |
76.8 अरब |
रिलायंस इंडस्ट्रीज |
| 10. |
स्टीव वाल्मर |
75.2 अरब |
माइक्रोसॉफ्ट |
कौन हैं झोंग शानशान?
ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स के मुताबिक, साल 2020 में झोंग की संपत्ति बढ़कर 77.8 अरब डॉलर हो गई थी। एक ओर जहां कोरोना वायरस महामारी के चलते दुनिया की आर्थिक स्थिति बिगड़ी है और कारोबारियों को मोटा नुकसान हुआ है, वहीं दूसरी ओर झोंग शानशान की दौलत पिछले साल बहुत तेजी से बढ़ी है, जिसकी वजह से वह एशिया के सबसे अमीर कारोबारी बन गए थे। 67 वर्षीय झोंग को चीन में लोन वुल्फ के तौर पर भी जाना जाता है।
अप्रैल में उन्होंने बीजिंग वेन्टाई बायोलॉजिकल फार्मेसी एंटरप्राइज कंपनी से वैक्सीन विकसित की और कुछ महीनों बाद बोतलबंद पानी बनाने वाली नोंगफू स्प्रिंग कंपनी हांगकांग में सबसे लोकप्रिय में से एक बन गई। इसलिए इस साल उनकी संपत्ति में जोरदार इजाफा हुआ।
हर पांच मिनट में अपडेट होता है इंडेक्स
फोर्ब्स रियल टाइम बिलेनियर लिस्ट से प्रतिदिन पब्लिक होल्डिंग्स में होने वाले उतार-चढ़ाव के बारे में जानकारी मिलती है। जब दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में शेयर बाजार खुलता है, तो हर पांच मिनट में यह इंडेक्स अपडेट होता है। लेकिन जिन व्यक्तियों की संपत्ति किसी निजी कंपनी से संबंधित है, उनकी संपत्ति दिन में एक बार ही अपडेट होती है।