बाजार की तेजी में कुछ शेयरों ने अपनी वृद्धि में दूसरों को पीछे छोड़ दिया है। यह स्थिति स्मार्ट बीटा फंड जैसे रणनीति वाले उत्पादों के माध्यम से बाजार की गति को भुनाने का अवसर पैदा करती है। एनएसई डाटा से पता चलता है कि 2023-24 में रिटर्न के मामले में ब्रॉड बेस्ड निफ्टी50 ने रणनीति आधारित इंडेक्सों से कम प्रदर्शन किया, जबकि निफ्टी50 ने 31 फीसदी का मुनाफा दिया है। कुछ रणनीति आधारित इंडेक्स जैसे निफ्टी500 वैल्यू50 ने 65 फीसदी का रिटर्न दिया। निफ्टी अल्फा50 ने 61 फीसदी और निफ्टी100 अल्फा 30 ने 67 फीसदी का फायदा दिया है।
कई रणनीतियों के जरिये करें शेयरों का चयन
स्मार्ट बीटा फंड गति, अस्थिरता, क्वालिटी और मूल्य रणनीतियों का उपयोग करके स्टॉक का चयन करते हैं। निप्पॉन इंडिया म्यूचुअल फंड का निप्पॉन इंडिया निफ्टी500 मोमेंटम50 इंडेक्स फंड एनएफओ 25 सितंबर को बंद होगा।
- कम कीमत पर खरीदें, ऊंची कीमत पर बेचें की रणनीति पारंपरिक है। इसके उलट, निफ्टी500 मोमेंटम50 इंडेक्स निवेशकों को ज्यादा भाव पर खरीदें और बेचें की रणनीति का उपयोग करके मध्यम से लंबी अवधि में धन बनाने का एक अनूठा अवसर प्रदान करता है।
पैसिव निवेश की विशेषताओं का जोड़
इस तरह के फंड पैसिव निवेश की विशेषताओं को जोड़ते हैं। इसमें नियम आधारित होना और मोमेंटम फैक्टर जैसे तकनीकी कारकों का उपयोग करके एक्टिव निवेश के साथ चयन किया जाता है।
- निप्पॉन इंडिया निफ्टी500 मोमेंटम 50 इंडेक्स फंड निफ्टी500 मोमेंटम 50 टीआरआई को ट्रैक करता है। इसमें अस्थिरता के लिए समायोजित छह और 12 महीने के मूल्य रिटर्न के आधार पर उच्चतम गति स्कोर वाले शीर्ष 50 स्टॉक शामिल हैं। सूचकांक में 13 क्षेत्रों के स्टॉक शामिल हैं। हार साल जून और दिसंबर में इनका पुनर्गठन किया जाता है।
निवेशकों के हितों की रक्षा करने में मदद
मोमेंटम इंडेक्स फंड को नियंत्रित करने वाला मूल सिद्धांत यह है कि स्टॉक हाल के दिनों में अपेक्षाकृत मजबूत प्रदर्शन करते हैं। सख्त चयन मानदंड निवेशकों के हितों की रक्षा करने में काफी मदद करते हैं। सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा यह है कि इंडेक्स में कम तरलता वाले स्टॉक शामिल नहीं हैं।
- ऐसी कंपनियां जहां प्रमोटरों के गिरवी स्टॉक 20 फीसदी से अधिक हैं और गैर-फ्यूचर एंड ऑप्शन स्टॉक एक कारोबारी दिन में 20 फीसदी से अधिक सर्किट लगाते हैं, वे भी इससे बाहर होते हैं।
भारतीय शेयर बाजार इस समय अच्छी तेजी में है। यह वैश्विक स्तर पर तमाम नकारात्मक स्थितियों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। ऐसे में मोमेंटम फंड निवेश का अच्छा विकल्प साबित हो सकता है। -जयदेव सिंह चूड़ासमा, संस्थापक, इन्वेस्टर पॉइंट