नए साल पर दूध कंपनियां लोगों को बड़ा झटका देने जा रही हैं। इस झटके के बाद लोगों का हर महीने दूध का मासिक बिल काफी बढ़ जाएगा। इसकी शुरुआत देश की सबसे बड़ी दूध मार्केटिंग कंपनी अमूल से होगी।
दाम में हो सकता है 2 रुपये तक का इजाफा
अमूल ने संकेत दिया है कि वो दूध के दाम में 2 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर सकती है। अमूल ब्रांड की मालिक कंपनी गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन के प्रबंध निदेशक आरएस सोढी ने कहा है कि दूध की कीमतें बढ़ना तय है। स्किम्ड मिल्क पाउडर का कम स्टॉक और पिछले साल के मुकाबले सप्लाई कम होना इसके पीछे बड़ा कारण है।
अन्य कंपनियां भी कर सकती हैं बढ़ोतरी
दूध बेचने वाली अन्य कंपनियां जैसे कि मदर डेयरी एवं राज्यों में स्थित अन्य डेयरी मार्केटिंग कंपनियों सहित निजी क्षेत्र में इसका विपणन करने वाली कंपनियां भी अमूल जैसा फैसला ले सकती हैं। अभी अमूल का फुल क्रीम दूध बाजार में 52 रुपये प्रति लीटर की दर से बिक रहा है। वहीं टोंड दूध की कीमत 42 रुपये प्रति लीटर है। लगभग इसी तरह के दाम अन्य कंपनियों के भी हैं। अमूल एक दिन में 248 लाख लीटर दूध की खरीद करता है।
अन्य उत्पादों पर भी पड़ेगा असर
दूध के दाम में इजाफा होने से अन्य दुग्ध उत्पाद जैसे कि दही, पनीर, मावा, चीज़ व फ्रेश क्रीम आदि की कीमतों पर भी इसका असर देखने को मिलेगा।
इसलिए उठाना पड़ेगा कदम
हर बार सर्दियों में दूध का उत्पादन काफी बढ़ जाता है। लेकिन इस बार उत्पादन काफी घट गया है, जिसका असर कीमतों में इजाफा होने पर साफ देखने को मिलेगा। भारत प्रति पशु दूध उत्पादन के मामले में बहुत पीछे हैं।
दूध उत्पादन का औसत महज तीन लीटर प्रति पशु है, जबकि यही औसत ऑस्ट्रेलिया में 16 और इजराइल में 36 लीटर प्रति पशु है। इस वजह से यहां पशु पालक किसानों के हालात कुछ अच्छे नहीं हैं, जबकि दूध से जुड़े कारोबारी लगातार आगे बढ़ रहे हैं।