देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसएमई) ने बुधवार को चालू वित्त वर्ष के लिए अपनी बिक्री में वृद्धि के अनुमान को घटाकर 8 फीसदी कर दिया है। इससे पहले कंपनी ने बिक्री में दोहरे अंकों की वृद्धि का अनुमान लगाया था।
कंपनी ने उच्च ब्याज दरों, बीमा लागतों में वृद्धि और ईंधन की कीमतों का हलावा देते हुए कहा कि चालू वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में मांगों में कमी आई है। वॉल्यूम सेगमेंट में कम मॉडल उतारने के कारण भी मांग में कमी देखी गई।
एमएसआई के चेयरमैन आरसी भार्गव ने कहा कि बीएस-6 उत्सर्जन मानकों की तैयारी के लिए दिसंबर, 2019 तक अधिकांश बीएस-4 मॉडल के वाहनों के उत्पादन पर रोक लगा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पहली तिमाही के बाद पिछले पांच महीनों में मारुति की बिक्री में कोई वृद्धि नहीं देखी गई, जबकि इस दौरान ऑटो उद्योग ने नकारात्मक वृद्धि देखी है। ऐसे में सवाल यह है कि आगे क्या होता है?
आकर्षक छूट दे रही मारुति
भार्गव ने कहा कि डीलरों के पास पड़े वाहनों की संख्या कम करने और खुदरा बिक्री को बढ़ाने के लिए कंपनी दिसंबर में ग्राहकों को आकर्षक छूट दे रही है। इससे जनवरी-मार्च 2019 में एक नया मॉडल लांच करने के साथ मारुति की बिक्री में गिरावट की प्रवृत्ति दूर करने में मदद मिलेगी।
2019 में बेहतर बिक्री की उम्मीद
भार्गव के मुताबिक, थोक बिक्री के मामले में हमें उम्मीद है कि जनवरी-मार्च में बिक्री 5 फीसदी तक बढ़ सकती है। चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में कंपनी ने बिक्री में 10.5 फीसदी की वृद्धि दर्ज की थी, जबकि तीसरी तिमाही में इसमें कोई वृद्धि नहीं देखी गई। उन्होंने अगले वित्त वर्ष में बेहतर बिक्री की उम्मीद जताई।