लंबे समय बाद अगस्त, 2020 में वाहनों की बिक्री में दिखी है। मंगलवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) की घरेलू बिक्री 20.2 फीसदी बढ़कर 1,16,704 इकाई रही। अगस्त, 2019 में उसने घरेलू बाजार में 97,061 वाहन बेचे थे।
आलोच्य महीने में कंपनी की कुल बिक्री 17.1 फीसदी बढ़कर 1,24,624 इकाई रही। मिनी कारों में ऑल्टो और वैगनआर की बिक्री 94.7 फीसदी बढ़कर 19,709 इकाई पर पहुंच गई। उधर, ह्यूंडई की घरेलू बिक्री भी 19.9 फीसदी बढ़कर 45,809 इकाई रही। हालांकि, कुल बिक्री 6.06 फीसदी घटकर 52,609 इकाई रह गई।
एमजी मोटर : 41.2 फीसदी बढ़ी बिक्री
एमजी मोटर इंडिया की खुदरा बिक्री 41.2 फीसदी बढ़कर 2,851 इकाई रही। 2019 के समान महीने में कुल 2,018 वाहन बिके थे।
इन कंपनियों में गिरावट
मंहिद्रा एंड महिंद्रा : अगस्त में कुल बिक्री 16 फीसदी गिरकर 30,426 इकाई रही। घरेलू बिक्री में 13 फीसदी गिरावट रही।
टोयोटा : 48.08 फीसदी गिरावट के साथ कुल 5,555 वाहन बेचे। अगस्त, 2019 में आंकड़ा 10,701 इकाई था।
रॉयल एनफील्ड : 5 फीसदी गिरावट के साथ कुल 50,144 मोटरसाइकिल बिके।
ट्रैक्टर बिक्री : कृषि क्षेत्र का असर
कृषि क्षेत्र में वृद्धि का असर ट्रैक्टर बिक्री पर दिखा है। अगस्त में ट्रैक्टर बिक्री में तेजी आई है। इस दौरान एस्कॉर्ट्स एग्री मशीनरी की कुल बिक्री 80.1 फीसदी बढ़कर 7,268 इकाई रही। बेहतर मानसून और खरीफ की बेहतर बुवाई से घरेलू बिक्री भी 79.4 फीसदी बढ़कर 6,750 इकाई रही। वहीं, आलोच्य महीने में महिंद्रा एंड महिंद्रा की कुल ट्रैक्टर बिक्री 65 फीसदी बढ़कर 24,458 इकाई रही, जबकि घरेलू बिक्री 69 फीसदी बढ़ी है।
वाणिज्यिक वाहनों में 30 फीसदी गिरावट
कोरोना के कारण कारोबारी गतिविधियां ठप होने का असर वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री पर भी दिखा। आयशर मोटर्स की इकाई वीसी कमर्शियल व्हीकल लिमिटेड के मुताबिक, अगस्त में वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री 30 फीसदी घटकर 2,477 इकाई रही। घरेलू बिक्री में भी 30.3 फीसदी गिरावट आई है। वहीं, अशोक लेलैंड की कुल बिक्री अगस्त में 31 फीसदी कम होकर 6,325 इकाई रही। घरेलू बिक्री भी 30 फीसदी घटी है।