बाजार नियामक सेबी ने शनिवार को निवेशकों को डिजिटल या ई-गोल्ड उत्पादों में निवेश न करने की चेतावनी दी। सेबी ने कहा कि ऐसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म नियामक ढांचे से बाहर हैं और इनमें निवेश करना काफी जोखिम भरा है। सेबी की ओर से यह चेतावनी तब आई है जब सेबी ने पाया कि कुछ ऑनलाइन मंच भौतिक सोने में निवेश के आसान विकल्प के रूप में ‘डिजिटल गोल्ड’ या ‘ई-गोल्ड’ उत्पादों का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं।
सेबी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि ऐसे डिजिटल गोल्ड उत्पाद सेबी द्वारा विनियमित गोल्ड उत्पादों से अलग हैं, क्योंकि इन्हें न तो प्रतिभूति के रूप में अधिसूचित किया गया है और न ही ये कमोडिटी डेरिवेटिव्स के रूप में विनियमित हैं। ये पूरी तरह से सेबी के अधिकार क्षेत्र से बाहर संचालित होते हैं। सेबी ने आगे स्पष्ट किया कि विनियमित प्रतिभूतियों पर लागू निवेशक संरक्षण तंत्र ऐसी अनियमित डिजिटल गोल्ड योजनाओं पर लागू नहीं होगा।
बयान में आगे कहा गया, ऐसे डिजिटल गोल्ड उत्पाद निवेशकों के लिए काफी जोखिम पैदा कर सकते हैं और निवेशकों को प्रतिपक्ष और परिचालन जोखिमों के प्रति संवेदनशील बना सकते हैं। सेबी ने स्पष्ट किया कि निवेशक संरक्षण तंत्र जो विनियमित प्रतिभूतियों पर लागू होते हैं, वे इन अनियमित डिजिटल गोल्ड योजनाओं पर लागू नहीं होंगे।
सेबी ने बताया कहां करें निवेश
नियामक ने कहा कि निवेशक सेबी-विनियमित उत्पादों के माध्यम से सोने में निवेश कर सकते हैं। जैसे म्यूचुअल फंड द्वारा पेश किए जाने वाले गोल्ड एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ईटीएफ), एक्सचेंज-ट्रेडेड कमोडिटी डेरिवेटिव कॉन्ट्रैक्ट्स और स्टॉक एक्सचेंजों पर ट्रेड किए जाने वाले इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीट्स। सेबी ने यह भी जोड़ा कि इन विनियमित गोल्ड उत्पादों में निवेश पंजीकृत मध्यस्थों के माध्यम से किया जा सकता है और ये सेबी द्वारा निर्धारित नियामकीय ढांचे के अंतर्गत आते हैं।
डिजिटल गोल्ड क्या होता है?
दरअसल, डिजिटल गोल्ड घर बैठे ऑनलाइन सोना खरीदने का एक तरीका है। इसे आप ऐसे भी समझ सकते हैं कि इसे खरीदने के लिए किसी दुकान पर नहीं जाना पड़ता, बल्कि घर बैठे आप इसे अपने मोबाइल से खरीद सकते हैं और अपने एप के वॉलेट में सुरक्षित रख सकते हैं। साथ ही कभी भी जरूरत पड़ने पर अपने हिसाब से इस बेच सकते हैं।