कोरोना वायरस महामारी की वजह से जहां एक ओर वैश्विक अर्थव्यवस्था पर संकट मंडरा रहा है, वहीं दूसरी ओर अमेरिका के अरबपतियों की संपत्ति में 15 फीसदी तक का इजाफा हुआ है। कोरोना को फैलने से रोकने के लिए कई देशों में लॉकडाउन की घोषणा की गई। लेकिन पिछले दो महीने में फेसबुक के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग और अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस की संपत्ति में सबसे ज्यादा इजाफा हुआ है। लॉकडाउन के दौरान टेक स्टॉक्स में बड़ी तेजी देखने को मिली है, जिसकी वजह से अमेरिका के 600 अरबपतियों की संपत्ति बढ़ी है।
45 फीसदी बढ़ी मार्क जुकरबर्ग की संपत्ति
एक स्टडी रिपोर्ट के अनुसार, पिछले दो महीने में मार्क जुकरबर्ग की संपत्ति में करीब 30 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। मार्च के मध्य में उनकी कुल संपत्ति 57.5 अरब डॉलर थी। लेकिन वर्तमान में उनकी संपत्ति करीब 87.5 अरब डॉलर की हो गई है। इसके साथ ही वे विश्व के तीसरे सबसे अमीर शख्स हैं और बर्कशायर हैथवे के चेयरमैन वॉरेन बफे से भी आगे निकल गए हैं। उनकी संपत्ति में 45 फीसदी का इजाफा हुआ है।