वाणिज्यिक गैस सिलिंडर की कीमतों में उछाल की खबर है। 19 किलोग्राम वाले सिलिंडर के दाम 70 रुपये से अधिक बढ़ाए जाने की सूचना है। अलग-अलग शहरों में गैस के दाम भिन्न हो सकते हैं। कीमतें बढ़ने से कारोबारों का ईंधन खर्च बढ़ जाएगा।
त्योहारी सीजन से ठीक पहले आज कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में उछाल दर्ज की गई है। तेल-गैस का कारोबार करने वाली कंपनियों ने दाम 60 से 70 रुपये से अधिक बढ़ाए हैं। महंगे हुए 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलिंडर की नई कीमतें अलग-अलग शहरों में टैक्स के मुताबिक भिन्न रहती हैं। ऐसे में आज हुई कीमतों में बढ़ोतरी के बाद भी नई दरें अलग-अलग होंगी। घरेलू गैस के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
विज्ञापन
त्योहारी सीजन में महंगाई का झटका, दिल्ली में नए दाम कितने?
रिपोर्ट्स के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले सिलिंडर की कीमत में 62.50 रुपये की वृद्धि हुई है। दिल्ली में नई कीमत 2,810 रुपये हो गई है। त्योहारी सीजन में वाणिज्यिक सिलिंडरों की मांग बढ़ती है, ऐसे में होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग कारोबारों पर असर दिख सकता है। इससे पहले सितंबर में भी वाणिज्यिक एलपीजी सिलिंडर की कीमत 9.50 रुपये बढ़ी थी।
कारोबारों पर क्या होगा असर?
दरअसल, अधिकांश होटल, रेस्टोरेंट और छोटे भोजनालय दैनिक व्यवसाय और खाना पकाने जैसी गतिविधियों में बड़े पैमाने पर वाणिज्यिक एलपीजी सिलिंडर का उपयोग करते हैं। सिलिंडर के दाम बढ़ने से लागत बढ़ सकती है। ऐसे में कम लाभ पर चलने वाले छोटे कारोबारों पर इसका सीधा असर पड़ेगा। वाणिज्यिक एलपीजी की कीमतें खाद्य पदार्थों और पेय पदार्थों की लागत पर भी व्यापक प्रभाव डाल सकती हैं। कारोबार में अतिरिक्त लागत की सूरत में ग्राहकों से अधिक कीमत वसूली जा सकती है।