फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दुनिया का सबसे महंगा होगा लोकसभा चुनाव, तोड़ देगा अमेरिकी चुनाव का रिकॉर्ड

Mon, 11 Mar 2019 11:22 AM IST
paliwal पालीवाल बिजनेस डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
विज्ञापन
लोकसभा चुनाव 2019 की डुगडुगी बज गई है। चुनाव आयोग ने रविवार को इसका एलान कर दिया। सात चरणों में होने वाले इस चुनाव का पहला चरण 11 अप्रैल से शुरू होगा और आखिरी चरण 19 मई को समाप्त होगा। नतीजों की घोषणा 23 मई को होगी। इस बार का लोकसभा चुनाव खर्च के मामले में सबसे महंगा होने जा रहा है। इसका बजट अमेरिकी राष्ट्रपति के चुनाव से भी ज्यादा होने वाला है। 
विज्ञापन


अमेरिका स्थित एक चुनाव विशेषज्ञ ने कहा है कि भारत में आगामी आम चुनाव भारत के इतिहास में और किसी भी लोकतांत्रिक देश के सबसे खर्चीले चुनावों में से एक होगा। 'कारनीज एंडोमेंट फोर इंटरनेशनल पीस थिंकटैंक' में सीनियर फेलो तथा दक्षिण एशिया कार्यक्रम के निदेशक मिलन वैष्णव ने पीटीआई-भाषा को बताया कि 2016 में हुए अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव तथा कांग्रेस चुनावों में  46,211 करोड़ रुपये (6.5 अरब अमेरिकी डॉलर) का खर्च आया था।

अगर भारत में 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में 35,547 करोड़ रुपये (पांच अरब अमेरिकी डॉलर) खर्च हुए थे तो 2019 के चुनाव में यह आंकड़ा आसानी से पार हो सकता है, ऐसा हुआ तो यह दुनिया का सबसे खर्चीला चुनाव साबित होगा।" 

1996 से लेकर के ऐसे बढ़ता गया खर्च

चुनावी खर्चे पर सेंटर फॉर मीडिया स्टडी (सीएमसी) के अनुसार 1996 में लोकसभा चुनावों में 2500 करोड़ रुपये खर्च हुए थे। साल 2009 में यह रकम बढ़कर 10,000 करोड़ रुपये हो गई थी। इसमें वोटरों को गैर कानूनी तरीके से दिया गया कैश भी शामिल है।  ऐसे में इस बार खर्च के मामले में सभी रिकॉर्ड टूटते नजर आ रहे हैं। लोकसभा चुनाव में करीब 50 हजार करोड़ रुपये तक खर्च आ सकता है। 

केंद्र सहित सभी पार्टियों ने कसी कमर

सभी दलों ने चुनाव प्रचार के लिए कमर कसना शुरू कर दिया है। सत्तापक्ष का फोकस दुबारा से वापसी करने का है, वहीं विपक्षी दलों के प्रत्याशी भी केंद्र सरकार को घेरते हुए अपने प्रचार का ताना-बाना बुन रहे हैं। इस बार चुनाव आयोग की नजर टीवी, अखबार और रेडियो के अलावा सोशल मीडिया पर रहेगी, जिसके लिए दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। 
विज्ञापन
विज्ञापन

फाइल फोटो
इस बार के लोकसभा चुनाव में मतदाताओं की सहूलियत का खासा ध्यान रखा गया है। कई ऐसी बातें हैं जो इस चुनाव में पहली बार होंगी। 

सहूलियत

  •  मतदाता 1950 पर डायल कर हर तरह की जानकारी ले सकेंगे
  • इस बार 10 लाख बूथ, हर बूथ पर वीवीपैट का इस्तेमाल, पहचान पत्र के 11 विकल्प 
  • मतदाता के पास नोटा का विकल्प,
  • रात दस बजे से सुबह 6 बजे तक लाउडस्पीकर पर रोक
  • चुनाव आचार संहिता लागू

पहली बार

  •  ईवीएम में प्रत्याशी की तस्वीर पहली बार
  • सोशल मीडिया पर निगरानी को गाइड लाइन, सोशल मीडिया पर प्रचार के लिए दलों-उम्मीदवारों को मंजूरी लेनी होगी
  • ईवीएम की जीपीएस सिस्टम से ट्रैकिंग की जाएगी
  • प्रचार में पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली सामग्री पर रोक

आयोग के मुताबिक, पहले चरण में 20 राज्यों की 91 लोकसभा सीटों के लिये 11 अप्रैल को मतदान के बाद दूसरे चरण में 13 राज्यों की 97 लोकसभा सीटों पर 18 अप्रैल को, तीसरे चरण में 14 राज्यों की 115 सीटों पर 23 अप्रैल को, चौथे चरण में नौ राज्यों की 71 लोकसभा सीटों पर 29 अप्रैल को, पांचवें चरण में सात राज्यों की 51 सीटों पर छह मई को, छठवें चरण में सात राज्यों की 59 सीटों पर 12 मई को और सातवें चरण में आठ राज्यों की 59 सीटों पर 19 मई को मतदान होगा। वहीं 23 मई को मतगणना के आधार पर चुनाव परिणाम घोषित किया जाएगा। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें