राहुल गांधी ने वायनाड से भरा नामांकन
- फोटो : Twitter Congress @INCIndia
पिछले पांच साल में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की संपत्ति में पांच करोड़ रुपये का इजाफा हो गया है। 2019 में दाखिल किए गए शपथपत्र के अनुसार राहुल के पास करीब 15 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति हैं। इस संपत्ति में बहन प्रियंका के साथ दिल्ली के महरौली में एक फार्म हाउस के मालिक भी हैं। केरल के वायनाड सीट से लोकसभा चुनाव लड़ रहे राहुल गांधी ने निर्वाचन अधिकारी के पास दाखिल किए गए हलफनामे में यह सूचना दी है।
5 करोड़ रुपये की है चल संपत्ति
राहुल गांधी ने अपने हलफनामे में बताया है कि उनके पास कुल पांच करोड़ 80 लाख 58 हजार 779 रुपये की चल संपत्ति है। इस चल संपत्ति में 40 हजार रुपये नगद, विभिन्न बैंक खातों में कुल 17 लाख 93 हजार 693 रुपये, शेयर और बांड में पांच करोड़ 19 लाख 44 हजार 682 रुपये और पीपीएफ खाते में 39 लाख 89 हजार 037 रुपये शामिल हैं। इसके अलावा दो लाख 91 हजार 367 रुपये की ज्वैलरी भी है।
10 करोड़ की है अचल संपत्ति
राहुल गांधी के पास करीब 10 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। आठ करोड़ 75 लाख 70 हजार रुपये की गुरुग्राम में 5838 वर्ग फीट की दो दुकानें हैं। वही दिल्ली के छतरपुर में बहन प्रियंका गांधी वाडरा के साथ 50 फीसदी हिस्सेदारी के साथ कुल एक करोड़ 32 लाख 48 हजार 284 रुपये का फार्म हाउस है। कुल मिलाकर यह अचल संपत्ति 10 करोड़ आठ लाख 18 हजार 284 रुपये की है।
मां सोनिया से ले रखा है पांच लाख का लोन
राहुल गांधी ने अपनी मां सोनिया गांधी से पांच लाख रुपये का पर्सनल लोन भी लिया है। इसके अलावा इनके पास किरायेदारों का 67 लाख एक हजार 904 रुपये जमानत के तौर पर रखा हुआ है।