आपकी जिंदगी का एक और बेहद अहम साल शुरू हो गया है। बुजुर्गों के लिए यह साल एक नया कैलेंडर और नई डायरी तक सीमित है, क्योंकि उनकी पुरानी डायरी का आखिरी पन्ना खत्म होने वाला है। यह किसी के बैंक बैलेंस या जमा-पूंजी की समीक्षा करने का भी एक अच्छा समय है कि बैंक में कितने पैसे बचे हैं। बचत व निवेश कैसा चल रहा है। इससे भी महत्वपूर्ण है कि किसी व्यक्ति का जीवन उसके बजट में कितनी अच्छी तरह आगे बढ़ रहा है।
मुझे लगता है कि नए साल की शुरुआत के लिए सबसे अच्छा होगा कि आप अपनी वित्तीय सफलताओं के अलावा उन बातों पर भी ध्यान दें, जहां आप इस वर्ष थोड़े कम रह गए हैं या चूक कर गए हैं। उदाहरण के लिए, इक्विटी बाजारों में निवेश करने वालों ने 2023 में अच्छा पैसा बनाया है। जो लोग सिर्फ पेंशन पर निर्भर हैं, उन्हें बढ़ती महंगाई ने परेशान किया होगा। नए साल में वित्तीय रिकॉर्ड बनाए रखने और उनकी समीक्षा से आपको यह जानने में काफी मदद मिल सकती है कि आर्थिक रूप से आप कहां और कितने पानी में खड़े हैं। साथ ही, आने वाले वर्ष में आप क्या और बेहतर कर सकते हैं।
यथार्थवादी बजट
अधिकांश सेवानिवृत्त लोगों के लिए महत्वपूर्ण बात होती है कि उनके पास कितना पैसा कहां से आ रहा है और कहां जा रहा है। एक बजट के हिसाब से आगे बढ़ना अधिकांश लोगों की दूसरी बड़ी आदत होती है। लेकिन, नए-नए सेवानिवृत्त हुए लोग इस मौके का उपयोग यह आंकने के लिए कर सकते हैं कि वे अपने बजट के साथ संतुलन बनाए रखने के लिए क्या कर रहे हैं। आय के स्रोतों, जरूरी और गैर-जरूरी खर्चों पर नजर रखें। मासिक बचत और खर्चे निर्धारित करें। उन लक्ष्यों पर नजर रखें क्योंकि बजट वित्तीय स्थिरता प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
जैसे-जैसे आपकी उम्र बढ़ती है, कई चीजें बदल जाती हैं। उम्र बढ़ने के साथ अगर अच्छा आहार लेते हैं तो आप कुछ स्वास्थ्य समस्याओं को नियंत्रित कर सकते हैं। अपने मस्तिष्क को भी सकारात्मक सोच के लिए प्रशिक्षित करें। इससे कई समस्याओं से अच्छे से निपटा जा सकता है।
सामंजस्य बिठाना
चीजें हमेशा आपकी योजना के अनुसार नहीं होती हैं। उदाहरण के लिए, पिछले एक साल में आपकी दवाओं पर होने वाले खर्च बढ़ गए होंगे या आपने जिन जूतों को एक साल और चलाने की योजना बनाई थी, हो सकता है वे जवाब दे गए हों। यह भी संभव है कि यात्रा पर जाने की आपकी योजना रद्द हो गई और आपने इसके लिए जमा किया गया पैसा खर्च नहीं किया हो। इन सबका उद्देश्य आपकी वित्तीय स्थितियों की समीक्षा करना और उसे समायोजित करना है। बेहतर आर्थिक स्वास्थ्य के लिए इसकी समीक्षा वर्ष में एक बार जरूर की जानी चाहिए।
नेटवर्थ की गणना
आपका नेटवर्थ देनदारी को घटाकर संपत्ति का कुल जमा पूंजी होता है। चूंकि, आपकी सेवानिवृति्त की इस उम्र में कर्ज लेने की संभावना नहीं है तो आप नेटवर्थ की जांच करें। विशेष रूप से लिक्विड और नॉन-लिक्विड संपत्तियों की। लिक्विड वह धन है, जिसे कुछ ही घंटों या दिनों में बैंकों व निवेशों से प्राप्त कर सकते हैं। नॉन-लिक्विड वह धन है, जो रियल एस्टेट या ऐसे निवेश में हो सकता है और इसे आप तुरंत बाहर नहीं निकाल सकते। नेटवर्थ जानने से आपको मानसिक शांति मिलती है कि आप कितने और वर्षों तक आर्थिक रूप से आसानी से गुजारा कर सकते हैं।
आपात बचत करना
आपात बचत करना पेचीदा है, क्योंकि लोग इस पर तभी काम करते हैं जब उन्हें लगता है कि सेवानिवृत्ति के बाद जीवन चलाने के लिए इसकी जरूरत पड़ेगी। मान लें कि आपने 2023 में खर्चों के प्रबंधन के लिए बैंक में पैसा रखा था, तो 2024 में क्या होगा? आपात फंड के लिए यह सुनिश्चित करना है कि आपकी बचत बनी रहे और समय-समय पर बढ़ती रहे। उदाहरण के लिए, सुविधा व जरूरतों के आधार पर आपको हर तिमाही की शुरुआत में किसी भी समय बैंक खाते में एक साल के खर्च का हिसाब रखना चाहिए।