आरबीआई अक्तूबर तक अंतरबैंक उधारी या कॉल मनी मार्केट में लेनदेन के लिए प्रायोगिक रूप से डिजिटल रुपये की शुरुआत कर सकता है। केंद्रीय बैंक के कार्यकारी निदेशक अजय कुमार चौधरी ने रविवार को जी-20 नेताओं के शिखर सम्मेलन के मौके पर कहा, आरबीआई इस महीने या अगले महीने कॉल बाजार में थोक केंद्रीय बैंक डिजिटल करेंसी (सीबीडीसी) की पेशकश करेगा। थोक सीबीडीसी की शुरुआत एक नवंबर, 2022 को हुई थी। एजेंसी
विदेशी कर्ज-सेवा अनुपात संतोषजनक स्तर पर ः वित्त मंत्री
भारत का विदेशी कर्ज मार्च, 2023 अंत तक 624.7 अरब डॉलर है। इसका मतलब है कि देश का कर्ज-सेवा अनुपात 5.3 फीसदी है। 2021-22 में यह अनुपात 5.2 फीसदी रहा था। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, विदेशी कर्ज-सेवा अनुपात संतोषजनक स्तर पर है।
इस माह की शुरुआत में जारी ‘भारत का विदेशी ऋण
एक स्थिति रिपोर्ट 2022-23’ की प्रस्तावना में सीतारमण ने कहा कि मार्च, 2023 के अंत में जीडीपी में विदेशी कर्ज का अनुपात एक साल पहले के 20 फीसदी से घटकर 18.9 फीसदी रह गया है। एजेंसी
एफपीआई ने इस माह बेचे 4,203 करोड़ के शेयर
चालू वित्त वर्ष में छह माह तक शेयरों की खरीदारी करने वाले विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक (एफपीआई) ने सितंबर में अब तक 4,203 करोड़ रुपये के शेयरों की बिकवाली की है। अमेरिकी बॉन्ड पर ज्यादा ब्याज, मजबूत डॉलर व वैश्विक अर्थव्यवस्था की वृद्धि में चिंता से इन निवेशकों ने पैसे निकाले हैं।
विश्लेषकों ने कहा, एक-दो हफ्ते तक एफपीआई पैसे निकाल सकते हैं। साथ ही रुपये में उतार-चढ़ाव भी रह सकता है। इससे पहले इन निवेशकों ने अगस्त में 12,262 करोड़ रुपये का निवेश किया था।
होम लोन पर ब्याज दरें बढ़ने से प्रभावित होगी घरों की खरीदारी
घर खरीदने की योजना बना रहे लोगों के एक बड़े वर्ग का मानना है कि अगर होम लोन पर ब्याज दर बढ़कर 9.5 फीसदी से ज्यादा होती है, तो घर खरीदने का उनका फैसला प्रभावित होगा। एनारॉक ने 5,218 लोगों से सर्वे के आधार पर कहा, लोग मध्यम और प्रीमियम सेगमेंट के मकान खरीदना चाहेंगे। ज्यादातर लोग तीन बीएचके फ्लैट खरीदना चाहते हैं।
सर्वे के अनुसार, 59 फीसदी लोग 45 लाख से 1.5 करोड़ रुपये की कीमत वाले मकान खरीदना चाहते हैं। 35 फीसदी लोग 45 से 90 लाख और 24 फीसदी लोग 90 लाख से 1.5 करोड़ की कीमत के मकान खरीदना चाहते हैं। 98 फीसदी ने कहा, होम लोन की ब्याज दर 9.5 फीसदी से ऊपर जाने पर घरों की बिक्री पर असर पड़ेगा। होम लोन पर इस समय औसत ब्याज दर 9.15 फीसदी है।