मेघालय सरकार ने 23,000 करोड़ रुपये के शिलांग-सिलचर हाई-स्पीड कॉरिडोर के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू की है। इस रूट का 144.80 किलोमीटर हिस्सा मेघालय में और 22 किलोमीटर हिस्सा असम में है। भूमि अधिग्रहण के लिए 17 गांवों की पहचान की गई।
मेघालय सरकार ने शिलांग-सिलचर हाई-स्पीड कॉरिडोर के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह कॉरिडोर शिलांग के पास उमियम झील से असम में सिलचर तक बनेगा। इस परियोजना की अनुमानित लागत 22,864 करोड़ रुपये है। इसका उद्देश्य क्षेत्र में सम्पर्क और आर्थिक विकास को बढ़ावा देना है।
चार लेन वाला ग्रीनफील्ड हाईवे
अधिकारियों ने बताया कि चार लेन वाला ग्रीनफील्ड हाईवे मेघालय के री-भोई से होकर गुजरेगा। इसका निर्माण राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (NHIDCL) द्वारा किया जाएगा।
विज्ञापन
166.80 किलोमीटर लंबा यह कॉरिडोर शिलांग के पास मावलिंगखुंग से शुरू होकर सिलचर के पास पंचग्राम पर समाप्त होगा। अधिकारी ने बताया कि बताया कि इस रूट का 144.80 किलोमीटर हिस्सा मेघालय में और 22 किलोमीटर हिस्सा असम में है।
ग्रामीण बिना अनुमति के निर्माण कार्य न करें
री-भोई के उपायुक्त अभिलाष बरनवाल ने ग्रामीणों से कहा कि वे प्रस्तावित कॉरिडोर के चिह्नित क्षेत्र में बिना पूर्व अनुमति के किसी भी प्रकार का नया निर्माण या विकास कार्य न करें। उन्होंने कहा कि इस सूचना के जारी होने के बाद अगर प्रस्तावित मार्ग के भीतर कोई भी अस्थायी या स्थायी अवैध ढांचा खड़ा किया जाता है, तो उसे भूमि अधिग्रहण या परियोजना के क्रियान्वयन के समय किसी भी प्रकार के मुआवजे के लिए पात्र नहीं माना जाएगा।
17 गांवों को चुना गया
भूमि अधिग्रहण के लिए 17 गांवों की पहचान की गई। अधिकारियों ने बताया कि इनमें पिल्लुन, उमेइत, उमरोई लाबांसारो, नोंगरा, नोंगलाखिया, वाहमिनतैत और लुम्सोफोह शामिल हैं।