देश के ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में ज्यादा से ज्यादा लोगों को घरों के आसपास ही रोजगार मिल सके, इसके लिए सरकार खादी एवं ग्रामोद्योग कारोबार में भारी बढ़ोतरी की तैयारी कर रही है। जम्मू-कश्मीर के नगरोटा में आतंकवाद से पीड़ित महिलाओं के बनाए रूमाल के लॉन्चिंग समारोह में मंगलवार को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा, इस समय खादी एवं ग्रामोद्योग का कारोबार 75 हजार करोड़ का है, जिसे अगले साल तक बढ़ाकर एक लाख करोड़ करने का लक्ष्य है। पांच साल में ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाकर कारोबार को दो लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाना है। इससे गांव में रहने वाले पुरुष एवं महिलाओं को घर के आसपास ही प्रतिदिन कम-से-कम 250 रुपये की दिहाड़ी मिलेगी।
एक अन्य कार्यक्रम में गडकरी ने कहा कि अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और पांच करोड़ रोजगार सृजित करने को लेकर प्रयास जारी हैं। सरकार अर्थव्यवस्था को उच्च प्राथमिकता दे रही है, लेकिन सुरक्षा मसले भी अहम हैं। सरकार को एक समय में विभिन्न विषयों पर काम करना होता है। उन्होंने कहा कि हम अर्थव्यवस्था पर ध्यान दे रहे हैं। स्थिति चुनौतीपूर्ण है, लेकिन तीव्र आर्थिक वृद्धि वाली अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ेगी। हमारा लक्ष्य पांच करोड़ रोजगार सृजन करना है। बुनियादी ढांचा, खेती और जनजातीय विकास हमारी प्राथमिकता में हैं।