मुंबई स्थित कोटक महिंद्रा बैंक ने अपने नए सीईओ की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल उदय कोटक बैंक के सीईओ का कार्यभार संभाल रहे हैं। पर आरबीआई के नियमों के तहत उन्हें अपना पद जल्द छोड़ना है। इस बीच यह भी साफ हो गया है कि अगले सीईओ उदय कोटक के बेटे जय कोटक नहीं होंगे और यह जिम्मेदारी कोई दूसरा शख्स संभालेगा। बैंक के एक शीर्ष अधिकारी की ओर से यह साफ कर दिया गया है।
छह महीने में हो सकती है नए सीईओ की नियुक्ति
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार कोटक महिंद्रा बैंक में नए सीईओ की नियुक्ति के लिए छह महीने का समय तय किया गया है। इसका मतलब साफ है कि अगले छह महीनों के दौरान नया सीईओ उदय कोटक की जगह बैंक की कमान संभाल लेगा। हालांकि उदय कोटक के बेटे जय कोटक नए सीईओ नहीं हो यह साफ कर दिया गया है। कोटक महिंद्र बैंक के पूर्णकालिक निदेशक केवीएस मणियन ने कहा है कि बैंक के संस्थापक जय कोटक का नाम सीईओ के रेस में नहीं है। उन्होंने कहा है कि जय कोटक अभी युवावस्था में और उन्हें मेरिट के आधार पर काम करते हुए खुद को साबित करना होगा। उन्होंने कहा, ‘बैंक आने वाले पांच से छह महीनों में अपने नए सीईओ के नाम की घोषणा कर देगा।
उदय कोटक को क्यों छोड़ना पड़ेगा पद?
भारतीय रिजर्व बैंक ने सभी बैंकों के सीईओ के अधिकतम कार्यकाल से संबंधित नियम बनाया हुआ है। इसी के तहत उदय कोटक को सीईओ का पद छोड़ कर किसी दूसरे व्यक्ति को यह जिम्मेदारी सौंपनी होगी। उदय कोटक वर्ष 1985 में बैंक की स्थापना के समय से ही इसके सीईओ की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।