कर्नाटक के बीदर में एक पुलिस कांस्टेबल विजय कुमार के आवास पर लोकायुक्त की टीम ने छापेमारी की है। छापेमारी फिलहाल जारी है। लोकायुक्त टीम के 200 अधिकारी बीदर, धारवाड़, कोडागु, रायचूर, दावणगेरे और चित्रदुर्ग सहित राज्य भर में 48 स्थानों पर छापे मार रहे हैं। लोकायुक्त पुलिस आय से अधिक संपत्ति (डीए) के मामलों में बेंगलुरु, चित्रदुर्ग, दावणगेरे, धारवाड़, तुमकुरु और अन्य जिलों सहित कर्नाटक में 23 से अधिक स्थानों पर गुरुवार तड़के से छापे मार रही है।
बेंगलूरू में राजस्व निरीक्षक के आवास पर छापा
अधिकारियों ने अभी तक छापेमारी के निष्कर्षों का खुलासा नहीं किया है। बेंगलूरू में अधिकारियों ने महादेवपुरा जोन के बीबीएमपी के राजस्व निरीक्षक नटराज के आवास पर छापे मारे। अधिकारियों ने नटराज को चार अगस्त को एक निजी व्यक्ति की मदद से कडुगोडी के पास कोडिगेहल्ली में 79 फ्लैटों में कथा जारी करने के लिए पांच लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप लगाया था। इसके बाद अवलाहल्ली में उनके घर पर छापा मारा गया। गुरुवार को दूसरी बार उनके घर की तलाशी ली जा रही है।
बेलगाम निगम के सहायक आयुक्त के घर भी छापा
कर्नाटक के लोकायुक्त ने गुरुवार सुबह धारवाड़ जिले के सप्तापुर में बेलगाम निगम के सहायक आयुक्त संतोष अनिशेट्टार के आवास पर भी छापा मारा। लोकायुक्त के अधिकारियों ने कोडागु के अतिरिक्त उपायुक्त नंजुंडे गौड़ा के घर और कार्यालय पर भी छापा मारा। अधिकारियों ने मैसूर में गौड़ा के रिश्तेदारों के घरों पर भी छापा मारा। लोकायुक्त मैसूर संभाग के पुलिस अधीक्षक सुरेश बाबू ने कहा, "हरंगी बांध के अधीक्षक अभियंता रघुपति के घर की भी तलाशी ली जा रही है।"