वैश्विक मंदी की आशंका और लागत में कटौती से दुनियाभर में नौकरियों पर खतरा मंडरा रहा है। एपल, ट्विटर, अमेजन और मेटा समेत दिग्गज कंपनियां बड़ी संख्या में अपने कर्मचारियों को निकाल रही हैं। अब दिग्गज टेक कंपनी गूगल भी 10,000 कर्मचारियों की छंटनी की योजना बना रही है।
एचपी : 6,000 कर्मियों को निकालेगी
टेक कंपनी एचपी इंक (हैवलेट पैकर्ड) 2024-25 तक 12 फीसदी यानी 6,000 कर्मचारियों की छंटनी करेगी। पर्सनल कंप्यूटर की कम होती मांग और घटते राजस्व को देखते हुए कंपनी ने यह फैसला लिया है।
छंटनी पर श्रम मंत्रालय ने अमेजन को भेजा समन
श्रम मंत्रालय ने कर्मचारियों की छंटनी को लेकर अमेजन इंडिया को समन भेजा है। कर्मचारी यूनियन नैससेंट इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एम्पलॉयज सीनेट ने अमेजन इंडिया पर श्रम कानून के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए मंत्रालय से इसकी शिकायत की थी। इसके बाद कंपनी को समन जारी किया गया।
अमेरिका : 20 महीने में सबसे बड़ी छंटनी
आर्थिक गतिविधियों में सुस्ती से अमेरिका में भी कंपनियां बड़े स्तर पर छंटनी कर रही हैं। वहां अक्तूबर में 13 फीसदी ज्यादा छंटनी की गई यानी 33,843 कर्मचारियों को निकाला गया। यह फरवरी, 2021 के बाद 20 महीने में सबसे बड़ी छंटनी है। निकाले गए सभी कर्मचारी अमेरिका के हैं।