दो दिन में जेट के शेयर 22 फीसदी चढ़े
जेट एयरवेज के चेयरमैन नरेश गोयल और और उनकी पत्नी अनीता गोयल द्वारा कंपनी के बोर्ड से इस्तीफा देने के बाद लगातार दूसरे दिन विमानन कंपनी के शेयरों में तेजी दर्ज की गई। मंगलवार को बीएसई में कंपनी के शेयर 6.48 फीसदी चढ़कर 271 रुपये के भाव पर बंद हुए।
कारोबार के दौरान विमानन कंपनी के शेयर 9.62 फीसदी चढ़कर 279 रुपये पर रहे। वहीं, एनएसई में जेट के शेयर 5.37 फीसदी की तेजी के साथ 267.75 रुपये पर बंद हुए। शेयरों की संख्या के मामले में बीएसई में कंपनी के 54.11 लाख शेयरों, जबकि एनएसई में छह करोड़ से भी अधिक शेयरों पर कारोबार हुआ।
सोमवार को जेट एयरवेज के शेयरों में 15.5 फीसदी की तेजी दर्ज की गई थी। कंपनी द्वारा सोमवार को जारी नियामकीय सूचना में बताया गया कि जेट एयरवेज के चेयरमैन नरेश गोयल और उनकी पत्नी ने कंपनी के बोर्ड से इस्तीफा दे दिया है।
यह फैसला मुंबई में आयोजित हुई बोर्ड की बैठक में लिया गया। इसके अलावा एतिहाद एयरवेज के एक सदस्य ने भी बोर्ड से इस्तीफा दिया है। कंपनी ने आगे कहा कि उसे शेयरों के बदले 1,500 करोड़ रुपये की तात्कालिक आर्थिक सहायता भी दी जाएगी।