क्रिसमस और नए साल की छुट्टियां शुरू हो चुकी हैं। ऐसे में हवाई कंपनियां भी नित नए प्लान लेकर आ रही हैं, जिससे यात्री सस्ते में यात्रा कर सकें। देश की दो प्रमुख एयरलाइन कंपनियों ने इस खास मौके पर अपना ऑफर निकाला है। यात्री इस ऑफर के तहत देश-विदेश के कई प्रमुख पर्यटन स्थलों की यात्रा कर सकते हैं।
जेट एयरवेज दे रहा है 30 फीसदी डिस्काउंट
जेट एयरवेज ने क्रिसमस और नए साल पर एक विशेष ऑफर निकाला है। इसके तहत यात्री 30 फीसदी छूट पर टिकट को बुक करा सकते हैं। क्रिसमस पर ऑफर मंगलवार तक उपलब्ध है। वहीं नए साल वाला ऑफर 7 जनवरी तक उपलब्ध है।
मिलेंगे 250 बोनस प्वाइंट
अगर यात्री कंपनी की मोबाइल ऐप या फिर वेबसाइट से बुकिंग करता है तो फिर उसको 250 जेपी माइल्स बोनस प्वाइंट, टिकट कैंसिल कराने पर शून्य चार्ज और ज्यादा सामान ले जाने पर 20 फीसदी छूट मिलेगी। यात्री इस ऑफर के तहत 66 स्थानों के लिए टिकट बुक करा सकते हैं।
गो एयर दे रहा है 50 फीसदी छूट
लो कॉस्ट एयरलाइन गो एयर थाईलैंड के फुकेट तक की यात्रा करने पर 50 फीसदी छूट दे रही है। फुकेट में 10 से 13 जनवरी के बीच यॉच शो होता है जिसको देखने के लिए यात्री जा सकते हैं। यात्री दिल्ली, मुंबई और बंगलूरू से टिकटों की बुकिंग कर सकते हैं। इन शहरों से यात्रियों को फुकेट की सीधी उड़ान मिलेगी।