भारतीय रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) और एसबीआई कार्ड ने करोड़ों रेल यात्रियों के लिए नई पेशकश की है। इसके तहत यात्रियों को टिकट बुकिंग पर ना सिर्फ बचत होगी, बल्कि और भी कई लाभ मिलेंगे। आईआरसीटीसी और एसबीआई कार्ड ने अपना सह-ब्रांड रुपे क्रेडिट कार्ड (IRCTC-SBI RuPay Card) पेश किया है। यह कार्ड संपर्क रहित भुगतान की सुविधा देता है।
इस संदर्भ में रेल मंत्री पीयूष गोयल ने आईआरसीटीसी-एसबीआई रुपे कार्ड को पेश करते हुए कहा कि वह निजी तौर पर ध्यान रखेंगे कि यह कार्ड 25 दिसंबर तक लक्षित तीन करोड़ से ग्राहकों तक पहुंचे। आईआरसीटीसी के ग्राहकों की संख्या पांच करोड़ से अधिक है और यह ग्राहक उसके मंच पर प्रतिदिन साढ़े आठ लाख से अधिक लेनदेन करते हैं।
ग्राहकों को मिलेंगे कई लाभ
गोयल ने कहा कि केंद्र सरकार आने वाले सालों में हर टिकट की ऑनलाइन बुकिंग सह-ब्रांड कार्ड से करवाने का लक्ष्य लेकर चल रही है। इस कार्ड से ग्राहकों की रेल टिकट बुक कराने पर ना सिर्फ अतिरिक्त बचत होगी। बल्कि यह खरीदारी, मनोरंजन इत्यादि पर भी उन्हें कई लाभ मिलेंगे। उन्होंने कहा कि आगे चलकर यह भारत का सबसे पॉपुलर कार्ड बने, इस विश्वास के साथ हम सब इस कार्ड को घर-घर तक पहुंचाएंगे।
10 फीसदी तक का कैशबैक
आईआरसीटीसी पर इस कार्ड से टिकट बुकिंग का भुगतान करने पर ग्राहकों को रेलवे की वातानुकूलित श्रेणियों प्रथम, द्वितीय, तृतीय, एक्जीक्यूटिव चेयरकार, एसी चेयरकार के किराए में 10 फीसदी तक का कैशबैक मिलेगा। इसके अलावा, टिकट बुक करने पर लगने वाला लेनदेन शुल्क भी माफ होगा। साथ में रेलवे स्टेशनों पर मौजूद प्रीमियम लाउंज में प्रत्येक तिमाही में एक बार मुफ्त प्रवेश का भी लाभ मिलेगा।
स्वाइप किए बिना होगा भुगतान
नइस कार्ड में एनएफसी (नियर फील्ड कम्युनिकेशन) प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल किया गया है जिसके चलते इस कार्ड को स्वाइप किए बिना ही संपर्क रहित भुगतान की सुविधा मिलती है। आम भाषा में ऐसे कार्ड को वाई-फाई कार्ड कहा जाता है।