सिंगापुर-मलेशिया पैकेज के साथ आईआरसीटीसी अब दुबई का भी पैकेज लाया है। 10 दिसंबर से 14 दिसंबर के बीच आईआरसीटीसी की ओर से दुबई की यात्रा करवाई जाएगी। इसके पूर्व नवंबर में मलेशिया-सिंगापुर का पैकेज भी आईआरसीटीसी लाया है, जो सात दिन आठ रात है।
इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (आईआरसीटीसी) के ज्यादातर हवाई पैकेज दिल्ली, मुंबई आदि शहरों से शुरू होते हैं लेकिन मलेशिया-सिंगापुर पैकेज के बाद आईआरसीटीसी ने दुबई के लिए भी हवाई यात्रा पैकेज की शुरुआत लखनऊ से ही करने की तैयारी की है। यानी कि टिकट बुक कराने के बाद संबंधित व्यक्ति को लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचना होगा। वहां से सारी व्यवस्था आईआरसीटीसी की ही रहेगी। इस टूर में यात्रियों को फ्लाइट से सीधे दुबई ले जाया जाएगा। पांच दिन एवं चार रात का यह पैकेज 10 दिसंबर से 14 दिसंबर तक का है।
आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अश्विनी श्रीवास्तव के मुताबिक इस पैकेज में हवाई यात्रा, तीन सितारा होटल में ठहरने एवं खाने की व्यवस्था आईआरसीटीसी की ओर से ही रहेगी। इसमें ब्रेकफास्ट, लंच, डिनर पूरी तरह से भारतीय ही रहेगा। दो व्यक्तियों के एक साथ ठहरने पर पैकेज का मूल्य 58200 प्रति व्यक्ति, तीन व्यक्तियों के एक साथ ठहरने पर 57 हजार एवं अगर एक व्यक्ति अकेला होटल के रूम में ठहरना चाहता है तो उसे 66500 रुपये का भुगतान करना होगा। इसके पूर्व मलेशिया-सिंगापुर का सात दिन एवं आठ रात का पैकेज 08 नवंबर से 15 नवंबर तक का है। क्षेत्रीय प्रबंधक के अनुसार बुकिंग आईआरसीटीसी की वेबसाइट और इलाहाबाद जंक्शन स्थित आईआरसीटीसी के कार्यालय से कराई जा सकती है।