इस हफ्ते शेयर बाजार में सूचीबद्ध 96 कंपनियों के वित्तीय परिणाम आने हैं। इसमें से कई कंपनियां शेयरों के विभाजन, बोनस जारी करने और लाभांश देने पर विचार कर सकती हैं। एक निवेशक के लिए इन पर नजर रखना जरूरी है। ऐसा इसलिए, क्योंकि परिणाम बेहतर रहे तो उनके शेयरों में उछाल दिखेगा। अच्छा मुनाफा कमाने वाली कंपनियां लाभांश भी देंगी। जिनके महंगे शेयर हैं, वे निवेशकों को आकर्षित करने के लिए बोनस शेयर देंगी। बोनस शेयर का मतलब कि जैसे किसी कंपनी ने एक पर एक शेयर बोनस दिया तो आपके शेयरों की संख्या बढ़ जाएगी और शेयरों की कीमत आधी हो जाएगी, पर निवेश का मूल्य उतना ही रहेगा। इसका फायदा यह है कि जब कंपनी लाभांश देगी तो आपको दोगुना लाभांश मिलेगा, क्योंकि शेयर की संख्या दोगुना हो गई।
तारीख पर नजर बनाए रखें निवेशक
लाभांश, बोनस इश्यू और शेयरों के विभाजन के लिए कंपनियां तारीख की घोषणा करेंगी। इन गतिविधियों से लाभ उठाने के इच्छुक निवेशकों को अपनी पात्रता सुनिश्चित करने के लिए रिकॉर्ड तिथियों पर बारीकी से नजर रखनी चाहिए। इस सप्ताह जो प्रमुख कंपनियां परिणाम जारी करेंगी उनमें हीरो मोटोकॉर्प, एलआईसी, डिवीज लैबोरेटरीज, केईसी इंटरनेशनल, जाइडस, फोर्टिस, ल्यूपिन व अन्य शामिल हैं। हाल में लाभांश जारी करने वाली 94 कंपनियों में, एबॉट इंडिया ने 475 रुपये की सिफारिश की है। 3एम इंडिया ने 375 रुपये के विशेष लाभांश की सिफारिश की है।
अप्रैल से अब तक बीएसई सेंसेक्स में 8,500 अंकों की रही तेजी
4 अप्रैल के बाद से बीएसई सेंसेक्स अब तक 8,500 अंकों से ज्यादा चढ़ चुका है। चार अप्रैल को यह 73,100 पर बंद हुआ था। पिछले हफ्ते शुक्रवार को यह 81,757 पर बंद हुआ था।
- विश्लेषकों की सलाह है कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कंपनियों की आय अच्छी रहेगी। इसलिए बाजार पर इसका सकारात्मक असर दिखेगा। ऐसे में आप इक्विटी म्यूचुअल फंडों में निवेश कर सकते हैं और शेयरों में भी पैसा लगा सकते हैं।
बड़े शेयरों में आज उतार-चढ़ाव की उम्मीद
- हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को शेयर बाजार में बड़े शेयरों में अच्छी-खासी हलचल दिखेगी। तीन बड़ी कंपनियां रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक ने पिछले हफ्ते परिणाम जारी किया था। रिलायंस ने शुक्रवार को बाजार बंद होने के बाद रिजल्ट जारी किया और इसका मुनाफा 78 फीसदी बढ़कर 27,000 करोड़ के करीब रहा। ऐसा इसलिए क्योंकि एशियन पेंट्स में इसने हिस्सा बेचा था। आईसीआईसीआई, एचडीएफसी और यूनियन बैंक ने शनिवार को परिणाम जारी किया। ऐसे में इन सभी का पहला कारोबारी दिन सोमवार होगा। इन्फोसिस, बजाज फाइनेंस, नेस्ले, डॉ. रेड्डी भी इसी हफ्ते रिजल्ट जारी करेंगी। ऐसे में इन बड़ी कंपनियों के शेयरों पर नजर रखने की जरूरत है।
रिकॉर्ड तारीख पर खरीदे गए शेयर लाभांश के लिए पात्र नहीं
बाजार नियामक सेबी ने बहुत सारी कंपनियों के लिए टी+1 निपटान की व्यवस्था लागू की है। यानि जिस दिन आप शेयर खरीदेंगे या बेचेंगे, उसी दिन उसका निपटान हो जाएगा। इसका मतलब यह है कि आपको रिकॉर्ड तारीख से दो दिन पहले शेयरों की खरीदी करनी होगी। तभी आप लाभांश और बोनस के लिए पात्र होंगे।
मोमेंटम थीम में निवेश अच्छा आइडिया
तेजस वेल्थ के एमडी एवं सीईओ परमेश गर्ग कहते हैं मोमेंटम निवेश शेयरों के प्रदर्शन के आधार पर काम करता है। यह अच्छा प्रदर्शन करने वाले स्टॉक चुनता है और पिछड़ने वाले स्टॉक को छोड़ देता है। यह रणनीति पोर्टफोलियो को बाजार की गति का लाभ उठाने में सक्षम बनाती है। किसी शेयर को बाजार में मूल्य या आय में किसी भी तरह का मोमेंटम मिल सकता है। आय मोमेंटम वाले शेयर वे होते हैं जो आय वृद्धि की तेज गति प्रदान करते हैं। या तो लंबे समय की आय में योगदान करते हैं। बाजार में तेजी का एक हालिया उदाहरण 2023-2024 में सरकारी कंपनियों के शेयरों में देखा गया। भारत सरकार ने सड़क, रेलवे, रक्षा व ऊर्जा पर पूंजीगत खर्च बढ़ाया था जिससे इन क्षेत्रों के सरकारी शेयरों को इसका सीधा लाभ मिला। मेक इन इंडिया पहल ने भी इनके रणनीतिक आकर्षण को बढ़ाया और निवेशकों को आकर्षित किया। वर्षों तक ये शेयर कम मूल्यांकन पर कारोबार कर रहे थे, जिससे लाभ की संभावना बन रही थी। बाजार ने 2024 के आम चुनावों के बाद नीतिगत निरंतरता को भी ध्यान में रखा, जिससे इन शेयरों को बढ़ावा मिला।