RBI Governor Shaktikanta Das: जी-20 शेरपा अमिताभ कांत की पुस्तक 'मेड इन इंडिया' के विमोचन के मौके पर दास ने कहा कि रिजर्व बैंक वित्त वर्ष 2024 में देश की वास्तविक जीडीपी वृद्धि दर 6.5 प्रतिशत को लेकर 'काफी आशावादी और आश्वस्त' है। दास ने कहा कि देश में निजी निवेश भी बढ़ रहा है।
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर शक्तिकांत दास ने शुक्रवार को कहा कि अप्रैल में मुद्रास्फीति (महंगाई) का घटकर 4.7 प्रतिशत पर आ जाना 'बहुत संतोषजनक' है। गवर्नर ने कहा कि शुक्रवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों से यह भरोसा मिलता है कि मौद्रिक नीति सही रास्ते पर है।
विज्ञापन
हालांकि, आरबीआई गवर्नर ने इस बात पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया कि क्या आरबीआई अब कम आक्रामक होगा या नीति के रुख में बदलाव करेगा। उन्होंने कहा कि ये चीजें 8 जून की सुबह स्पष्ट हो जाएंगी, जब आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक होगी।
जी-20 शेरपा अमिताभ कांत की पुस्तक 'मेड इन इंडिया' के विमोचन के मौके पर दास ने कहा कि रिजर्व बैंक वित्त वर्ष 2024 में देश की वास्तविक जीडीपी वृद्धि दर 6.5 प्रतिशत को लेकर 'काफी आशावादी और आश्वस्त' है। दास ने कहा कि देश में निजी निवेश भी बढ़ रहा है। इस्पात, सीमेंट और पेट्रोरसायन जैसे क्षेत्रों में मजबूती है। दास ने कहा कि यदि भारत 6.5 प्रतिशत की दर से वृद्धि करता है तो यह साल में वैश्विक विकास में 15 प्रतिशत का योगदान देगा।
विज्ञापन
दास ने यह भी कहा कि अनुसंधान और विकास पर खर्च निजी क्षेत्र के साथ-साथ सार्वजनिक क्षेत्र दोनों में बढ़ना होगा। दास ने कहा, "हमें सुधारों को जारी रखने की भी जरूरत है और यह भी सुनिश्चित करने की जरूरत है कि हम सर्वश्रेष्ठ प्रौद्योगिकी तक पहुंच बनाए रखें।"