चेन्नई-हैदराबाद की एक उड़ान को सोमवार को आरजीआई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर बम की धमकीभरा फोन आया। हवाई अड्डे की सुरक्षा ने यात्रियों को निकालने वाली उड़ान की जांच की। इसके बाद जांच में पता चला कि एक यात्री को फ्लाइट पकड़ने में देरी हो रही थी, इस वजह से उसने फोन की झूठी जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, फर्जी कॉल करने वाले आरोपी यात्री को हिरासत में ले लिया गया है।
इस बीच इंडिगो की एक फ्लाइट में बम की सूचना के बाद उसे लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली से देवघर जा रही फ्लाइट 6ई 6191 में सोमवार को बम होने की सूचना दी गई। इसके बाद विमान को लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया। जांच के दौरान विमान में कोई भी बम नहीं मिला। इंडिगो ने बताया कि सभी सुरक्षा मानकों का पूरी तरह से पालन किया गया। विमान अब टेकऑफ के लिए तैयार है। विमानन कंपनी सुरक्षा एजेंसियों के नियमों का पूरी तरह से पालन कर ही है।
बयान में कहा गया है कि दिल्ली से ओडिशा के देवगढ़ जा रही इंडिगो की उड़ान 6ई 6191 को सोमवार को बम की धमकी के बाद उत्तर प्रदेश के लखनऊ की ओर मोड़ दिया गया। विमान में सवार यात्रियों की संख्या के बारे में विवरण तत्काल पता नहीं चल सका है।
चौधरी चरण सिंह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर से बताया गया कि फ्लाइट दोपहर 12:20 बजे सुरक्षित उतरी और उसे आइसोलेशन बे में ले जाया गया। हवाई अड्डे की सुरक्षा ने खतरे को देखते हुए आवश्यक जांच की। उचित जांच के बाद सूचना झूठी निकली। इसके विमान को आगे की यात्रा के लिए रवाना कर दिया गया।
मुंबई से दिल्ली जाने वाली इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट में बम की धमकी
दिल्ली से देवगढ़ जाने वाली फ्लाइट में बम की धमकी के बाद मुंबई से दिल्ली जाने वाली इंडिगो एयरलाइंस की उड़ान संख्या 6E-2051 में बम होने की धमकी का मामला सामने आया है। एयरलाइन ने बयान जारी कर कहा है कि सुरक्षा एजेंसियों ने सभी आवश्यक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया है।
मुंबई से दिल्ली जाने वाली इंडिगो एयरलाइंस की उड़ान 6E-2051 के बारे में कंपनी ने बयान में बताया कि 'प्रोटोकॉल के अनुसार, विमान के दिल्ली हवाईअड्डे पर पहुंचने पर सुरक्षा एजेंसियों द्वारा तलाशी के लिए उसे एक सुदूर बे में ले जाया गया। जहां उसकी पूरी तरह से जांच की गई। वहीं, यात्री सभी जरूरी जांचो के बाद हवाईअड्डे से निकल गए। बयान में बताया गया कि सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया। बयान में एयरलाइन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद भी जताया है।