इंडिगो का कहना है, फ्यूल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी के बावजूद उसने पूरा बोझ यात्रियों पर नहीं डाला। कंपनी ने सीमित बढ़ोतरी करते हुए किराए को किफायती रखने की कोशिश की है।
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स पर फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने का एलान किया है। यह कदम एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) की कीमतों में हुई तेजी के कारण उठाया गया है। कंपनी ने इससे पहले 14 मार्च को फ्यूल सरचार्ज बढ़ाया था।
विज्ञापन
कंपनी ने तर्क दिया कि, इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के आंकड़ों के मुताबिक जेट फ्यूल की कीमतें पिछले महीने में 130 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ गई हैं। इसी वजह से सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने का फैसला किया है। नए फ्यूल चार्ज के साथ टिकटों की कीमतें दो अप्रैल रात 12:01 बजे से लागू होंगी। इसके तहत घरेलू उड़ानों में अधिकतम 950 रुपये और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में अधिकतम दस हजार रुपये तक अतिरिक्त शुल्क लगेगा।
इंडिगो के नए फ्यूल चार्ज:
घरेलू उड़ानें:
500 किमी तक की उड़ानों में प्रति सेक्टर 275 रुपये का अतिरिक्त चार्ज
2,000 किमी से अधिक दूरी वाली उड़ानों पर 950 रुपये का सरचार्ज
बीच की दूरी वाली उड़ानों के लिए 400 रुपये, 600 रुपये और 800 रुपये के चार्ज तय किए गए हैं
अंतरराष्ट्रीय उड़ानें:
कम दूरी वाले सब कॉन्टिनेंट सेक्टर: 900 रुपये से शुरू
यूके और यूरोप लंबी दूरी: प्रति सेक्टर 10,000 रुपये
मिडिल ईस्ट रूट: तीन से पांच हजार रुपये
दक्षिण-पूर्व एशिया और चीन रूट्स: तीन से पांच हजार रुपये