घरेलू शेयर बाजार ने पांच साल में लगातार 15 प्रतिशत रिटर्न दिया है। चीन में यह शून्य रहा है और कई बार तो घाटा भी दिया है। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पूर्णकालिक सदस्य अनंत नारायण गोपालकृष्णनन ने कहा, हमारा बाजार कम जोखिम पर अधिक रिटर्न दे रहा है। फिर भी, निवेशकों को सावधानी बरतनी चाहिए। जोखिमों के प्रति सचेत रहना चाहिए। नारायण ने सोमवार को एक कार्यक्रम में कहा, पिछले कुछ दिनों से हमारे बाजार का पैसा चीन जा रहा है। इस पर काफी चर्चा हो रही है। इस महीने अब तक भारतीय बाजार से 58,000 करोड़ रुपये विदेशी निवेशकों ने निकाले हैं। लेकिन, पांच साल में फायदा देने में चीन का बाजार हमारे बाजार के आसपास भी नहीं है। 2023-24 में दोनों घरेलू इंडेक्स ने 28 फीसदी का रिटर्न दिया, जबकि उतार-चढ़ाव सिर्फ 10 फीसदी का रहा है।
आगे सब कुछ पहले के जैसा नहीं
नारायण ने कहा, आगे चलकर सब कुछ पहले जैसा नहीं रहेगा। निवेशकों को इसे एकतरफा रास्ता नहीं मानना चाहिए। ऐसे शानदार रिटर्न से आत्मसंतुष्टि हो सकती है। उन्होंने कार का उदाहरण देते हुए कहा, हमें जोखिमों के बारे में जागरूक होने और जरूरत पड़ने पर ‘ब्रेक’ लगाने की भी जरूरत होती है।
लंबे समय तक बने रहें
सेबी सदस्य ने कहा, निवेशकों को देश में आर्थिक वृद्धि की संभावनाओं के अवसरों को भुनाने के लिए सही मध्यस्थों की जरूरत है। उन्हें गैर-पंजीकृत और अत्यधिक मुनाफे का लालच देकर रातों-रात गायब होने वाली इकाइयों के झांसे में नहीं आना चाहिए। अधिक रिटर्न के लिए लंबे समय तक बाजार में बने रहें।