कोरोनावायरस के प्रकोप से सारी दुनिया इस समय परेशान है। अब तक इस वायरस ने दुनियाभर में 7000 से ज्यादा लोगों की जान ले ली है। वहीं, 1.85 लाख से ज्यादा लोग इस वायरस की चपेट में आए हैं। भारत में भी हाल कुछ ऐसा ही है, जहां अब तक कोरोना वायरस के कारण तीन लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 125 मामले सामने आए हैं। ऐसे में केंद्र और राज्य सरकारों की तरफ से इस वायरस को लेकर काफी सावधानियां बरती जा रही हैं। स्कूल-कॉलेजों से लेकर शॉपिंग कॉम्पलेक्स जैसी जगहों को बंद किया जा रहा है। वहीं, कंपनियां अपने कर्मचारियों को घर से काम (Work From Home) करने के लिए कह रही हैं। ऐसे में अब इस कड़ी भी भारतीय रेलवे की तरफ से भी एक नया मामला सामने आया है। दरअसल प्लेटफॉर्म टिकट को पांच गुना महंगा कर दिया गया है।
दरअसल 10 रुपये का प्लेटफॉर्म टिकट 50 रुपये का कर दिया गया है। रेलवे की तरफ से देशभर के 250 रेलवे स्टेशन्स पर प्लेटफॉर्म टिकट की कीमतें बढ़ाई गई हैं। रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि कोरोना वायरस और न फैले इसके लिए यह फैसला लिया गया है।
रेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक जोनल रेलवे ने प्लेटफॉर्म टिकट की कीमतों को महंगा कर दिया है। इसका असर देश के 250 अलग-अलग स्टेशन्स पर पड़ेगा। यह फैसला इसलिए लिया गया है ताकि, रेलवे स्टेशनों पर भीड़-भाड़ को कम किया जा सके। पश्चिम रेलवे ने मुंबई, वडोदरा, राजकोट, अहमदाबाद, रतलाम और भावनगर के रेलवे स्टेशनों के लिए प्लेटफॉर्म टिकट की कीमतों को 10 रुपये से बढ़ा कर 50 रुपये कर दिया है।
दरअसल स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से बताया गया है कि कोरोनोवायरस संक्रमण के 12 नए मामले सामने आए हैं, जिससे भारत में COVID-19 रोगियों की संख्या 126 हो गई। यहां जानकारी के लिए बता दें कि एक दिन पहले यह संख्या 114 थी।
दरअसल नई दिल्ली से ट्रेन में चढ़ा यात्री 11 मार्च को भुवनेश्वर पहुंचा। यह ओडिशा का पहला COVID-19 पॉजिटिव व्यक्ति था जो कम से कम 129 लोगों के संपर्क में आया।