जेट एयरवेज में हिस्सेदारी बिक्री की प्रक्रिया संभाल रहे एसबीआई कैपिटल ने मिलकर बोली लगाने वाली इकाइयों से ऋणशोधन क्षमता का अलग-अलग प्रमाण पत्र मांगा है। साथ ही निवेशकों की तलाश पूरी करने के लिए कर्जदाताओं ने रुचि पत्र लेने की समय-सीमा बढ़ाकर 12 अप्रैल कर दी है, जो बुधवार को खत्म हो रही थी।
बकाया भुगतान नहीं मिलने पर इंडियन ऑयल ने बुधवार को तीसरी बार जेट की तेल आपूर्ति रोक दी है। मामले से जुड़े सूत्रों ने बताया कि आश्वासन के बावजूद भुगतान नहीं करने पर नई दिल्ली, मुंबई और हैदराबाद में एयरलाइन को तेल आपूर्ति बंद कर दी गई है। इससे पहले 4 मार्च और 5 अप्रैल को भी जेट की तेल आपूर्ति रोकी गई थी। आपूर्ति जल्द बहाल नहीं हुई तो कंपनी के और उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं।
विमानों का किराया देने में विफल जेट एयरवेज को विदेश में भी दिक्कतों का सामना करना शुरू हो गया है। जेट की एम्सटर्डम से मुंबई को आने वाली उड़ान संख्या 9W 231 को रोक लिया गया है, जिससे काफी यात्री हॉलैंड के शीफोल हवाई अड्डे पर फंस गए हैं। कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद है और उनको समय-समय पर इसके बारे में अपडेट कराया जाएगा। यह उड़ान पूरी तरह से बुक थी और इसे वहां के स्थानीय समयनुसार 11.35 पर मुंबई के लिए उड़ान भरनी थी।
कंपनी पर फिलहाल 100 करोड़ डॉलर (69.23 लाख करोड़ रुपये) बकाया है। इंडियन ऑयल ने भुगतान नहीं करने पर जेट एयरवेज की तेल आपूर्ति रोक दी थी। इस कदम से परिचालन में चल रहे कंपनी के करीब 26 विमानों पर असर पड़ा था और जल्द ही भुगतान नहीं किया गया तो इनकी उड़ानें भी रोकी जा सकती थीं।
जेट एयरवेज फिलहाल काफी मुश्किलों के दौर से गुजर रही है। ऐसे में हवाई ईंधन की आपूर्ति बंद होने से यात्रियों पर असर पड़ता। अगर आप भी जेट एयरवेज के जरिए कहीं जा रहे हैं तो हो सकता है कि आपकी फ्लाइट अब रद्द न हो। हालांकि उड़ान के समय के बारे में आपको हवाई कंपनी से संपर्क करना होगा।
कृपया हमारी खबरों पर अपना फीडबैक नीचे कमेंट सेक्शन में जरूर दें और बताएं कि बिजनेस जगत से जुड़ी कौन सी खबर आप पढ़ना चाहते हैं। हम आपके फीडबैक के अनुसार खबरों को प्रस्तुत करेंगे।